मायावती 14 साल बाद अपने गृह जनपद में करेंगी शक्ति प्रदर्शन, क्या 2027 में होगा इसका फायदा?
- Omprakash Singh
- 21 Nov, 2025
Noida: बसपा सुप्रीमो मायावती करीब 14 वर्ष बाद अपने गृह जनपद गौतमबुद्ध नगर में बड़ी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने जा रही हैं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर को नोएडा स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में वह विशाल रैली को संबोधित करेंगी। मायावती मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर गांव की निवासी हैं और अक्टूबर 2011 में प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के बाद वह पहली बार यहां सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचने जा रही हैं। कार्यक्रम में आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद और बरेली मंडलों से बड़ी संख्या में बसपा समर्थकों के आने की तैयारी है।
तैयारियों में जुटी बसपा, होर्डिंग डिज़ाइन भी फाइनल
कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति मिल चुकी है। मायावती बीते कई दिनों से दिल्ली में रहकर लगातार पदाधिकारियों से बैठकें कर रही हैं। गुरुवार को नई दिल्ली में रैली के होर्डिंग का डिज़ाइन तय कर सभी छह मंडलों के जिलों में भेज दिया गया। बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा प्रेरणा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। माना जा रहा है कि आकाश आनंद भी कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाएंगे।
बसपा के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती
2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा खुद को फिर से मजबूत आधार पर खड़ा करने में जुटी है। पिछले कई चुनावों में बसपा का जनाधार कमजोर पड़ा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत दहाई तक भी नहीं पहुंच पाया और बसपा एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। दूसरी ओर, आज़ाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद नगीना सीट जीतकर संसद पहुंचे और लगातार संगठन विस्तार पर काम कर रहे हैं, जो बसपा के लिए चुनौती माना जा रहा है।
जब सबसे मजबूत थी बसपा
गौरतलब है कि मायावती 2003 में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी थीं। उनके नेतृत्व में 2007 से 2012 का समय पार्टी का सबसे स्वर्णिम दौर रहा, जब बसपा ने यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में भी बसपा ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। मायावती वर्ष 2017 में सहारनपुर जातीय हिंसा मुद्दे पर राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद से किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







