यूपी रेरा ने नोएडा में 3 परियोजनाओं को दी मंजूरी, फ्लैट, प्लॉट और विला होंगे विकसित
- Sajid Ali
- 21 Nov, 2025
Noida: उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) ने प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र को नई गति देते हुए 6 जिलों में लगभग 2009 करोड़ रुपये के निवेश वाली 9 नई परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी है। इन परियोजनाओं में फ्लैट, प्लॉट और विला मिलाकर 1586 इकाइयां विकसित की जाएंगी। यह फैसला यूपी रेरा की 189वीं बोर्ड बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने की। वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की उपस्थिति में सभी प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा के बाद इन जिलों को हरी झंडी दी गई।
इन जिलों में मिली मंजूरी
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि नौ परियोजनाएं लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, चंदौली, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर में हैं। इनमें सबसे अधिक तीन परियोजनाएं गौतमबुद्ध नगर में हैं। क्योंकि एनसीआर के निकट होने के कारण यह क्षेत्र निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। लगातार विकसित होते इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते यहां रियल एस्टेट विकास को और रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
पारदर्शी नीतियों से निवेश का आकर्षण बढ़ा
भूसरेड्डी ने बताया कि उत्तर प्रदेश आज देश का प्रमुख रियल एस्टेट निवेश केंद्र बन चुका है। इसका बड़ा कारण है कि राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियां, सुगठित प्रशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, श्रेष्ठ कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर. खासतौर पर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक हॉटस्पॉट बनकर सामने आए हैं। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यमुना एक्सप्रेसवे और अन्य मेगा परियोजनाओं ने इसे देश के सबसे तेजी से उभरते रियल एस्टेट बाजारों में शामिल कर दिया है।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ
यूपी रेरा अध्यक्ष ने बताया कि स्वीकृत 2009 करोड़ रुपये के निवेश से राज्य की GDP में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे और कई सहायक उद्योगों को बड़ी मजबूती मिलेगी। इससे सीमेंट, स्टील, पेंट, टाइल्स, फर्नीचर, विद्युत उपकरण, परिवहन, बीमा और वित्तीय सेवाओं समेत कई सेक्टरों पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इन नई परियोजनाओं से न सिर्फ रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी आएगी, बल्कि प्रदेश की समग्र आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत होंगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







