महिला कर्मचारी को नहीं दी मैटिरिनटी लीव, प्रमोशन के बदले संबंध बनाने को कहता था वित्त अधिकारी
- Omprakash Singh
- 08 Dec, 2025
Noida: नोएडा में एक महिला कर्मचारी द्वारा नामी कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने वित्त प्रमुख सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी महिला ने सेक्टर-126 थाने में शिकायत दी है कि उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी गई और मातृत्व अवकाश का अधिकार भी छीन लिया गया।
2013 से काम कर रही महिला
महिला के अनुसार उसने वर्ष 2013 में कंपनी में वित्तीय विश्लेषक के पद पर नौकरी शुरू की थी। बाद में कंपनी का विलय दूसरी फर्म से हुआ और एक सितंबर 2018 को उसे और उसके कई साथियों को नई कंपनी में तैनात किया गया। जबकि उसके कुछ पुराने सहकर्मियों को उसी दिन फिर से पूर्व कंपनी में शामिल कर लिया गया।
वित्त प्रमुख वर्ष गलत नजर रखता था
महिला ने आरोप लगाया है कि कंपनी का वित्त प्रमुख वर्ष 2019 से उस पर गलत नजर रखता था। वित्त प्रमुख अश्लील टिप्पणियां करता, अभद्र इशारे करता और प्रमोशन के बदले संबंध बनाने की मांग करता था। विरोध करने पर उसने माफी मांग ली, लेकिन प्रबंधन और पुलिस में शिकायत न करने का दबाव भी बनाया गया। महिला का यह भी कहना है कि वित्त प्रमुख अन्य महिला कर्मचारियों के साथ भी भेदभावपूर्ण व्यवहार करता है और जो उसकी बात मान लेती हैं, उन्हें प्रमोशन दिला देता है।
मातृत्व अवकाश से वंचित रखा
पीड़िता का आरोप है कि वित्त प्रमुख ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर उसके खिलाफ साजिश रची और उसे जानबूझकर गलत टीम में भेज दिया। उसे मातृत्व अवकाश से वंचित रखा गया और अत्यधिक कार्यभार थोंप दिया। समय पर लक्ष्य पूरा न करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकियां भी दी गईं। महिला ने यह भी शिकायत की है कि उसकी निजी समस्याओं का साथी कर्मचारी मजाक बनाते थे, जिसमें वित्त प्रमुख भी शामिल था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







