Noida: नोएडा सेक्टर-116 स्थित भाजपा कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य करते समय महानगर अध्यक्ष महेश चौहान की मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यालय में मौजूद लोगों के अनुसार काम के दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और अत्यधिक पसीना आने लगा। कुछ ही पलों में वह बोलते-बोलते अचेत होकर गिर पड़े, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी अमित त्यागी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल निर्णय लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए महेश चौहान को अपनी गाड़ी में बैठाया, प्राथमिक दवा दी और सीधे सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल के लिए रवाना हो गए। उनकी तत्परता के चलते मात्र सात मिनट में उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया।
12 मिनट ऑपरेशन शुरू हुआ
इस दौरान अमित त्यागी ने नोएडा विधायक पंकज सिंह को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। विधायक के निर्देश पर मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को तुरंत अलर्ट कर दिया गया। जैसे ही महानगर अध्यक्ष अस्पताल पहुंचे, मुख्य गेट पर पहले से तैयार मेडिकल टीम ने उन्हें तत्काल इमरजेंसी में भर्ती किया। महज 12 मिनट के भीतर ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
हार्ट अटैक की पुष्टि
डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक की पुष्टि करते हुए ऑपरेशन के दौरान स्टंट डाला, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही करीब आधे घंटे बाद नोएडा विधायक पंकज सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से महेश चौहान के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों व पार्टी कार्यकर्ताओं को ढांढस बंधाया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है और सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।







