बीपीएससी ने कृषि विभाग में 147 पदों पर निकाली भर्ती, 15 दिसंबर से आवेदन शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

top-news
बिहार लोक सेवा आयोग ने कृषि विभाग में सहायक निदेशक और सहायक नियंत्रक के 147 पदों पर भर्ती निकाली है। ऑनलाइन आवेदन 15 दिसंबर से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 12 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकेंगे। चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और निर्धारित अनुभव से होगा।

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी), पटना ने कृषि विभाग में सहायक निदेशक और सहायक नियंत्रक के कुल 147 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। आयोग की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी पांच अलग-अलग विज्ञापनों के तहत कृषि अभियांत्रिकी, सांख्यिकी, तौल एवं माप, रसायन विज्ञान और पादप संरक्षण से संबंधित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सभी पद बिहार कृषि सेवा के वेतन स्तर-9 के अंतर्गत आते हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 11 जनवरी 2027 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि अंतिम आवेदन जमा करने की तारीख 12 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और पात्र संविदा सेवा के अनुभव के आधार पर किया जाएगा। सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।


भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें

विवरण

तारीख

विज्ञापन जारी होने की तारीख

26 नवंबर 2026

ऑनलाइन आवेदन शुरू

15 दिसंबर 2026

शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख

11 जनवरी 2027

आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख

12 जनवरी 2027


किस पद पर कितनी रिक्तियां

विज्ञापन संख्या

पद

रिक्तियां

17/2026

सहायक निदेशक (कृषि अभियांत्रिकी)

50

18/2026

सहायक निदेशक (सांख्यिकी)

36

19/2026

सहायक नियंत्रक (तौल एवं माप)

26

20/2026

सहायक निदेशक (रसायन विज्ञान)

21

21/2026

सहायक निदेशक (पादप संरक्षण)

14

कुल

147


पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास अंतिम आवेदन तिथि तक संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या शिक्षण संस्थान से निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। आयोग ने सभी पांच पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की हैं।

  • कृषि अभियांत्रिकी: कृषि अभियांत्रिकी में स्नातक डिग्री।

  • सांख्यिकी: सांख्यिकी, गणित या कृषि सांख्यिकी में संबंधित स्नातक डिग्री।

  • माप एवं तौल: भौतिकी विषय के साथ विज्ञान में स्नातक अथवा इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में स्नातक डिग्री।

  • रसायन विज्ञान: रसायन विज्ञान विषय के साथ विज्ञान में स्नातक अथवा कृषि विज्ञान में स्नातक डिग्री।

  • पादप संरक्षण: कृषि संकाय से पादप संरक्षण वैकल्पिक विषय के साथ स्नातक डिग्री।


आवेदन के लिए कितनी होनी चाहिए उम्र

आयोग ने सभी पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की है। अभ्यर्थियों की आयु की गणना एक अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।

श्रेणी

अधिकतम आयु

अनारक्षित पुरुष

37 वर्ष

अनारक्षित महिला

40 वर्ष

पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग

40 वर्ष

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति

42 वर्ष

पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए संबंधित श्रेणी की अधिकतम आयु सीमा लागू होगी।


आयु सीमा में छूट का भी प्रावधान

आयोग ने अलग-अलग विज्ञापनों के लिए अधिकतम आयु सीमा में विशेष राहत का प्रावधान किया है। इसके अलावा पात्र संविदा कर्मचारियों, बिहार सरकार के नियमित कर्मचारियों, दिव्यांग अभ्यर्थियों और पूर्व सैनिकों को निर्धारित नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले अपने पद से संबंधित आयु सीमा और छूट की शर्तें जरूर देख लें।


कैसे होगा अभ्यर्थियों का चयन

अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और बिहार सरकार के अंतर्गत समान पद पर पात्र संविदा सेवा के अनुभव के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के प्राप्तांकों को मिलाकर अधिकतम 75 अंकों का भारांक निर्धारित किया गया है। वहीं, पात्र संविदा कर्मचारियों को प्रत्येक वर्ष के अनुभव के लिए पांच अंक की दर से अधिकतम 25 अंक दिए जाएंगे। इस प्रकार अंतिम मेरिट सूची 100 भारांक अंकों के आधार पर तैयार होगी। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर श्रेणीवार रिक्तियों के ढाई गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार 50 अंकों का होगा, जिसमें उपस्थित होना अनिवार्य है।


कैसा होगा लिखित परीक्षा का पैटर्न

लिखित परीक्षा में कुल चार प्रश्नपत्र होंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे। सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र में उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 30 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। हालांकि, हिंदी में प्राप्त अंकों को अंतिम मेरिट में शामिल नहीं किया जाएगा।

प्रश्नपत्र

अंक

प्रश्न

समय

सामान्य हिंदी

100

100

2 घंटे

सामान्य ज्ञान

100

100

2 घंटे

संबंधित विषय का प्रथम प्रश्नपत्र

200

100

2 घंटे

संबंधित विषय का द्वितीय प्रश्नपत्र

200

100

2 घंटे

कुल

600

400

8 घंटे

प्रत्येक प्रश्न के लिए पांच विकल्प दिए जाएंगे। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे विकल्प ई का चयन करना होगा। गलत उत्तर और सभी विकल्प खाली छोड़ने पर एक तिहाई अंक की कटौती का प्रावधान है।


आवेदन के लिए कितना देना होगा शुल्क

सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त बैंक का लेनदेन शुल्क भी देना होगा। वन टाइम रजिस्ट्रेशन के दौरान वैध 12 अंकों का आधार नंबर उपलब्ध कराने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क नहीं देना होगा। आधार नंबर उपलब्ध नहीं कराने और अन्य फोटो पहचान पत्र का विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को 200 रुपये अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क देना होगा।


ऐसे करें भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन

  1. सबसे पहले बीपीएससी के ऑनलाइन आवेदन पोर्टल bpsconline.bihar.gov.in पर जाएं।

  2. नया पंजीकरण करें अथवा डिजिलॉकर या मेरी पहचान के माध्यम से लॉगिन करें।

  3. मोबाइल नंबर और ईमेल का सत्यापन कर वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करें।

  4. व्यक्तिगत जानकारी, पता, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव का विवरण भरें।

  5. लाइव फोटो लेकर हिंदी और अंग्रेजी में हस्ताक्षर अपलोड करें।

  6. सभी जानकारियों की जांच करने के बाद प्रोफाइल लॉक करें।

  7. डैशबोर्ड पर संबंधित भर्ती विज्ञापन का चयन करें।

  8. निर्धारित शुल्क का भुगतान कर अंतिम आवेदन जमा करें।

  9. आवेदन संख्या, बारकोड और भुगतान की स्थिति वाले आवेदन पत्र को डाउनलोड कर उसकी दो प्रतियां सुरक्षित रख लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *