जापान में इंटर्नशिप का मौका, भारतीय छात्रों को मिलेगा स्टाइपेंड और फ्री फ्लाइट, अभी जान लें काम की खबर

top-news
जापान सरकार के METI इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत भारतीय छात्रों को जापानी कंपनियों में काम करने का मौका मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को स्टाइपेंड, फ्लाइट टिकट और रहने की सुविधा भी दी जाएगी।

जापान में इंटर्नशिप करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जापान सरकार के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय यानी METI ने भारतीय छात्रों के लिए खास इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू किया है। इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों को जापानी कंपनियों के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जिससे वे वहां के प्रोफेशनल माहौल और वर्क कल्चर को करीब से समझ सकेंगे। खास बात यह है कि इस इंटर्नशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को स्टाइपेंड के साथ कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। इच्छुक छात्र 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और पूरी जानकारी के लिए छात्र METI Internship Program पर विजिट कर सकते हैं।


ऑनलाइन और इन-पर्सन दोनों मोड में होगी इंटर्नशिप

METI इंटर्नशिप प्रोग्राम को दो अलग-अलग मोड में तैयार किया गया है। पहला ऑनलाइन मोड है, जिसमें छात्र भारत में रहकर जापानी कंपनियों के साथ काम कर सकेंगे। यह ऑनलाइन इंटर्नशिप 24 अगस्त 2026 से शुरू होकर 18 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं दूसरा इन-पर्सन मोड उन छात्रों के लिए है, जो जापान जाकर वहां रहकर इंटर्नशिप करना चाहते हैं। इन-पर्सन कोर्स के दो बैच होंगे। पहला बैच 7 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक और दूसरा बैच 4 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रोग्राम में छात्रों को जापानी कंपनियों में काम करने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और कार्यशैली को समझने का भी अवसर मिलेगा।


स्टाइपेंड, फ्लाइट और रहने का खर्च भी मिलेगा

ऑनलाइन इंटर्नशिप के लिए चुने गए छात्रों को प्रतिदिन 1000 येन का स्टाइपेंड दिया जाएगा। वहीं जापान जाकर इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को प्रतिदिन 3000 येन दिए जाएंगे। इन-पर्सन प्रोग्राम के तहत फ्लाइट टिकट, रहने और आने-जाने का पूरा खर्च जापानी कंपनियां उठाएंगी। इसके अलावा चयनित छात्रों को जापानी भाषा की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि वे वहां के माहौल में आसानी से काम कर सकें। इस कार्यक्रम में जापान की करीब 80 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं और वही कंपनियां उम्मीदवारों का चयन करेंगी।


कौन कर सकता है आवेदन

इस इंटर्नशिप प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। साथ ही आवेदक की उम्र 18 से 39 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार को अंग्रेजी भाषा के साथ जापानी भाषा की भी बेसिक जानकारी होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक पहले कभी जापान में नौकरी का हिस्सा नहीं रहा हो। इस अवसर को भारतीय छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर अनुभव हासिल करने का बड़ा मौका माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *