एसआई भर्ती री-एग्जाम 2021 में दो तिहाई शिकायतों का निस्तारण, फॉर्म एडिट करने के लिए बस दो दिन का मौका!
- Shiv Kumar
- 29 May, 2026
राजस्थान में सब इंस्पेक्टर पुलिस भर्ती परीक्षा-2021 के री-एग्जाम को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। Rajasthan Public Service Commission ने ऑनलाइन आवेदन पत्र में एडिट और अपडेट को लेकर आ रही दो तिहाई से ज्यादा शिकायतों का समाधान कर दिया है। आयोग के अनुसार अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में जरूरी बदलाव कर फॉर्म दोबारा सबमिट कर चुके हैं। आयोग ने साफ किया है कि सभी पात्र अभ्यर्थी 30 मई तक आवेदन में सुधार कर अंतिम रूप से सबमिट जरूर कर दें।
आयोग ने यह भी बताया कि वर्ष 2021 में आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों की ओर से प्रस्तुत न्यायिक आदेशों के आधार पर भी एडिट का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। ऐसे अधिकांश अभ्यर्थियों को SMS के जरिए सूचना भेज दी गई है। हालांकि कुछ मामलों में अभ्यर्थियों के नाम और पिता के नाम की जानकारी कोर्ट में दी गई जानकारी से अलग मिलने के कारण डाटा मैच नहीं हो पा रहा है। ऐसे अभ्यर्थियों से आयोग ने दोबारा जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
नाम और डाटा मैच नहीं होने पर आयोग ने मांगी जानकारी
आयोग के मुताबिक जिन अभ्यर्थियों का अब तक एडिट ऑप्शन नहीं खुला है, वे अपने आवेदन में दर्ज नाम, पिता का नाम, रिट संख्या, आदेश दिनांक, आवेदन संख्या और रोल नंबर आयोग को उपलब्ध कराएं। इससे आयोग उनकी पहचान स्पष्ट कर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा। RPSC ने अभ्यर्थियों से यह भी कहा है कि यदि आवेदन एडिट करने में तकनीकी समस्या आ रही हो तो आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्प डॉक्यूमेंट की मदद लें। इसके अलावा पुरानी SSO ID और एप्लीकेशन से जुड़ी जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध सूची के जरिए प्राप्त की जा सकती है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत या तकनीकी समस्या होने पर केवल आयोग के ग्रीवेंस पोर्टल पर ही शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके। आयोग को सीधे ईमेल भेजने के बजाय पोर्टल का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
RPSC ने सहायक अभियोजन अधिकारी के 371 पदों पर निकाली भर्ती
इसी बीच RPSC ने गृह विभाग अभियोजन के तहत सहायक अभियोजन अधिकारी के 371 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून से शुरू होकर 7 जुलाई तक चलेगी। प्रारंभिक परीक्षा 2 सितंबर को प्रस्तावित है। इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आयोग ने बताया कि पिछली भर्ती प्रक्रिया के बाद नया विज्ञापन जारी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में एक साल की अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थियों को RPSC की आधिकारिक वेबसाइट या SSO पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। सिटीजन एप में रिक्रूटमेंट पोर्टल चुनकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR करना जरूरी होगा। पहली बार OTR करते समय नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग और एक वैध आईडी प्रूफ की डिटेल भरनी होगी। एक बार OTR पूरा होने के बाद प्रोफाइल में बदलाव संभव नहीं होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






