रेलवे में नौकरी का बड़ा अवसर, 6777 अप्रेंटिस पदों पर आवेदन शुरू, बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

top-news
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 6777 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो चुकी है और 19 अगस्त 2026 तक चलेगी। चयन बिना लिखित परीक्षा मेरिट के आधार पर होगा। आईटीआई पास उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (Northeast Frontier Railway-NFR) ने अप्रेंटिस एक्ट, 1961 के तहत 2025-26 और 2026-27 प्रशिक्षण सत्र के लिए 6777 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 19 अगस्त 2026 शाम 5:30 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा।


महत्वपूर्ण तारीखें और किस डिवीजन में कितनी सीटें?

रेलवे की ओर से भर्ती का नोटिफिकेशन 16 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई सुबह 9 बजे से शुरू हो चुकी है और 19 अगस्त 2026 शाम 5:30 बजे तक चलेगी। कुल 6777 सीटें विभिन्न डिवीजनों और वर्कशॉप में भरी जाएंगी। इनमें कटिहार एवं तिनधरिया वर्कशॉप में 1103, अलीपुरद्वार में 651, रंगिया में 750, लुमडिंग में 1274, तिनसुकिया में 860, न्यू बोंगाईगांव वर्कशॉप एवं इंजीनियरिंग वर्कशॉप में 881, डिब्रूगढ़ वर्कशॉप में 763 और मुख्यालय मालीगांव में 495 पद शामिल हैं। रेलवे ने जरूरत के अनुसार सीटों की संख्या में बदलाव की संभावना भी जताई है।


योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया

तकनीकी ट्रेड के लिए अभ्यर्थी का 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना और संबंधित ट्रेड में NCVT/SCVT से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। मेडिकल लैब टेक्नीशियन ट्रेड के लिए 12वीं विज्ञान वर्ग (फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी) भी आवश्यक है। 19 अगस्त 2026 के अनुसार उम्मीदवार की आयु 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। समान अंक होने पर अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता मिलेगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस की प्रक्रिया पूरी होगी।


स्टाइपेंड, आवेदन शुल्क और ऐसे करें आवेदन

चयनित अप्रेंटिस को पहले वर्ष 9,600 रुपये, दूसरे वर्ष 10,560 रुपये और तीसरे वर्ष 11,040 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, ईबीसी और सभी महिला अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट मिलेगी। इच्छुक उम्मीदवार पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय 10वीं, आईटीआई और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे तथा पसंदीदा प्रशिक्षण यूनिट का चयन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *