UP Excise Constable Result जारी, 32, 891 अभ्यर्थियों ने पार किया पहला चरण, अब मेंस परीक्षा की तैयारी
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची और कट-ऑफ अंक जारी कर दिए हैं। आयोग ने 820 रिक्त पदों के लिए प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET-2025) के आधार पर 32,891 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य माना है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और कट-ऑफ अंक देख सकते हैं।
820 पदों के लिए जारी हुई शॉर्टलिस्ट सूची
आबकारी सिपाही भर्ती 2026 के तहत शुरुआत में 722 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए 4 जून से 24 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। बाद में आयोग ने 23 जून 2026 को संशोधन जारी करते हुए 98 अतिरिक्त पदों को शामिल कर लिया। इसके बाद कुल पदों की संख्या बढ़कर 820 हो गई। इनमें 682 पद सामान्य चयन और 138 पद विशेष चयन श्रेणी के लिए निर्धारित किए गए हैं। आयोग ने इन्हीं पदों के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी की है।
PET-2025 स्कोर के आधार पर हुआ चयन
आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन PET-2025 के वास्तविक और सामान्यीकृत अंकों के आधार पर किया गया है। जिन अभ्यर्थियों के PET-2025 में अंक शून्य या उससे कम थे, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए पात्र नहीं माना गया। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों के सामान्यीकृत स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार कर 32,891 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आयोग ने बताया कि पूरी प्रक्रिया इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार पूरी की गई है।
श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी किए गए जारी
आयोग ने आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा के लिए अलग-अलग श्रेणियों की कट-ऑफ भी जारी कर दी है। अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कट-ऑफ 69.13 अंक रही। अनुसूचित जाति के लिए 66.80, अनुसूचित जनजाति के लिए 52.86 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं महिला अभ्यर्थियों की कट-ऑफ 69.03 अंक रही। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों के लिए 54.28, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 43.10 और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 50.56 अंक कट-ऑफ तय की गई है। मुख्य परीक्षा की तारीख आयोग जल्द घोषित करेगा। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक काटे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें और आगे की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






