एयरफोर्स में 10वीं पास के लिए भर्ती, IAF Agniveervayu के गैर-लड़ाकू पदों पर आवेदन शुरू, जानें उम्र सीमा
- Shiv Kumar
- 31 Jul, 2026
भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवायु नॉन-कॉम्बैटेंट (Intake 01/2027) भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए 10वीं पास अविवाहित पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति देशभर के विभिन्न एयरफोर्स स्टेशनों पर हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम में की जाएगी।
योग्यता और आयु सीमा
भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। केवल अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं (मैट्रिक) पास होना जरूरी है। अभ्यर्थी का जन्म 1 जनवरी 2005 से 1 जुलाई 2009 (दोनों तिथियां शामिल) के बीच होना चाहिए। भर्ती के समय अधिकतम आयु 22 वर्ष निर्धारित की गई है।
इन स्ट्रीम में मिलेगी नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों को हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम में तैनात किया जाएगा। हॉस्पिटैलिटी स्ट्रीम में खाना बनाना, किचन प्रबंधन, भोजन परोसना और खाद्य सामग्री का रखरखाव जैसे कार्य होंगे। वहीं हाउसकीपिंग स्ट्रीम में कार्यालय और परिसर की सफाई, लॉन्ड्री, बागवानी तथा अन्य सहायक कार्य शामिल होंगे।
चार साल में मिलेगा इतना वेतन और सुविधाएं
पहले वर्ष मासिक पैकेज 30 हजार रुपये होगा, जिसमें हाथ में 21 हजार रुपये मिलेंगे। चौथे वर्ष तक यह बढ़कर 40 हजार रुपये प्रति माह हो जाएगा, जिसमें 28 हजार रुपये हाथ में मिलेंगे। चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर करीब 10.04 लाख रुपये (ब्याज सहित) सेवा निधि दी जाएगी। इसके अलावा 48 लाख रुपये का जीवन बीमा, राशन, आवास, चिकित्सा सुविधा, यात्रा भत्ता, जोखिम भत्ता और एलटीसी जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
ऐसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, फिजिकल फिटनेस टेस्ट, स्ट्रीम उपयुक्तता टेस्ट और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। लिखित परीक्षा में जनरल इंग्लिश और जनरल नॉलेज से 30 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय में कम से कम 5 अंक और कुल 15 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
फिजिकल और मेडिकल मानक
अभ्यर्थियों को 7 मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़, 10 पुश-अप, 10 सिट-अप और 20 स्क्वाट पूरे करने होंगे। न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर, सीने का फैलाव कम से कम 5 सेंटीमीटर तथा निर्धारित दृष्टि, सुनने की क्षमता और सामान्य शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य आवश्यक होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






