एयरपोर्ट अथॉरिटी में निकली अप्रेंटिस भर्ती, इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा धारकों को मिलेगा मौका, जानें योग्यता और स्टाइपेंड

top-news
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पश्चिमी क्षेत्र ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। कुल 10 पदों पर भर्ती होगी। इंजीनियरिंग और स्नातक उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 12 से 15 हजार रुपये तक मासिक स्टाइपेंड मिलेगा।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के पश्चिमी क्षेत्र ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंजीनियरिंग और स्नातक अभ्यर्थियों के लिए निकाली गई इस भर्ती में कुल 10 अप्रेंटिस पदों पर चयन किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 3 अगस्त 2026 से 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के दौरान मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। यह भर्ती पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न हवाई अड्डों पर प्रशिक्षण के लिए की जा रही है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पात्रता और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।


इन पदों के लिए मांगे गए हैं योग्य उम्मीदवार

भर्ती के तहत ग्रेजुएट और डिप्लोमा अप्रेंटिस के विभिन्न पद शामिल हैं। ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए इलेक्ट्रिकल, सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन, टेलीकम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल और मानव संसाधन से जुड़े पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। संबंधित शाखा में बीई, बीटेक या स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए इलेक्ट्रिकल, सिविल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होना जरूरी है। सिविल इंजीनियरिंग के उम्मीदवारों के लिए ऑटोकैड का ज्ञान अतिरिक्त योग्यता माना जाएगा।


ग्रेजुएट और डिप्लोमा अप्रेंटिस को मिलेगा मासिक स्टाइपेंड

एएआई की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा। ग्रेजुएट अप्रेंटिस को हर महीने 15 हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। इसमें 8,850 रुपये एएआई और 6,150 रुपये केंद्र सरकार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से देगी। वहीं डिप्लोमा अप्रेंटिस को 12 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे, जिसमें 6,550 रुपये एएआई और 5,450 रुपये सरकार की ओर से दिए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 से पहले ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *