AI सीखने का शानदार मौका, IIT धारवाड़ करा रहा फ्री आवासीय कोर्स, हॉस्टल और हर महीने स्टाइपेंड भी मिलेगा
- Shiv Kumar
- 14 Aug, 2026
आईआईटी धारवाड़ ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना 2026-27 के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोक्रेट के लिए एक वर्षीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम में चयनित उम्मीदवारों को मुफ्त प्रशिक्षण के साथ हॉस्टल, रहने-खाने की सुविधा, हर महीने 1,000 रुपये का स्टाइपेंड और प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों के उम्मीदवारों के लिए शुरू किया गया है। इसमें मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, पारसी और जैन समुदाय के पात्र उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। स्नातक उम्मीदवार, जिन्हें एआई एप्लीकेशन की बुनियादी जानकारी है, आईटीआई उम्मीदवार और स्नातक पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी इस कार्यक्रम के लिए
आवेदन कर सकते हैं।
एक साल की मुफ्त ट्रेनिंग और स्टाइपेंड
चयनित उम्मीदवारों को आईआईटी धारवाड़ में एक साल की मुफ्त ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोक्रेट (ICE/ITS/Q0201) के तौर पर होगा। आवासीय कार्यक्रम के तहत जहां लागू हो, हॉस्टल के साथ रहने और भोजन की सुविधा भी दी जाएगी। उम्मीदवारों को सेक्टर स्किल काउंसिल की ओर से सरकार से मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र मिलेगा। इसके अलावा हर महीने 1,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद दो महीने तक प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। सफलतापूर्वक प्लेसमेंट पाने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को 4,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है।
सीटों का आरक्षण और जरूरी दस्तावेज
कार्यक्रम में महिला उम्मीदवारों के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा गैर-अल्पसंख्यक समुदायों के ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 15 प्रतिशत सीटों का प्रावधान है। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, उम्र के प्रमाण के लिए कक्षा 10 का प्रमाणपत्र, स्नातक प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, जहां लागू हो वहां ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र और अल्पसंख्यक समुदाय प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। पात्र उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






