CSIR ने टेक्नीशियन भर्ती का नोटिफिकेशन किया जारी, 43 पदों पर होगी नियुक्ति, 17 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
- Shiv Kumar
- 18 Aug, 2026
वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद ने टेक्नीशियन (1) के 43 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और योग्य अभ्यर्थी 17 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती अलग-अलग तकनीकी ट्रेड में की जाएगी। खास बात यह है कि इन पदों के लिए विज्ञान विषय के साथ 10वीं पास और संबंधित ट्रेड में आईटीआई या ट्रेड प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को वेतनमान स्तर-2 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक मूल वेतन मिलेगा। भर्ती विज्ञापन संख्या R&A/01/2026 के तहत जारी की गई है।
43 पदों में सबसे ज्यादा रिक्तियां कंप्यूटर ट्रेड में
सीएसआईआर की ओर से जारी भर्ती में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के 21 पद रखे गए हैं। इसके बाद डेस्कटॉप पब्लिशिंग ऑपरेटर के 7 और कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस के 5 पद हैं। मेडिकल लैब टेक्नीशियन, ड्राफ्ट्समैन आर्किटेक्चर और इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 2-2 पद हैं। वहीं ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, ड्राफ्ट्समैन सिविल, लेबोरेटरी असिस्टेंट इन केमिकल प्लांट और इंटीरियर डिजाइनर के एक-एक पद हैं। कुल 43 पदों में 19 अनारक्षित, 11 अन्य पिछड़ा वर्ग, 6 अनुसूचित जाति, 3 अनुसूचित जनजाति और 4 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए हैं। दिव्यांगजन और भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण रखा गया है।
10वीं और आईटीआई वाले अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
टेक्नीशियन भर्ती के लिए अभ्यर्थी की उम्र 17 सितंबर 2026 को अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो संबंधित ट्रेड के अनुसार विज्ञान विषय के साथ 10वीं या एसएससी में कम से कम 55 प्रतिशत अंक और मान्य आईटीआई या ट्रेड प्रमाणपत्र जरूरी है। चयन प्रक्रिया में आवेदन की छंटाई, ट्रेड परीक्षा और लिखित परीक्षा शामिल होगी। लिखित परीक्षा ओएमआर या कंप्यूटर आधारित माध्यम से हो सकती है। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
वेतन के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं
सीएसआईआर में चयनित टेक्नीशियन को वेतनमान स्तर-2 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा केंद्र सरकार और सीएसआईआर के नियमों के अनुसार मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता समेत अन्य सुविधाएं भी मिल सकती हैं। कर्मचारियों को अवकाश यात्रा रियायत, चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति और बच्चों की शिक्षा से जुड़े भत्ते जैसी सुविधाएं भी नियमों के अनुसार मिल सकती हैं। शुरुआती तैनाती सीएसआईआर और उसकी इकाइयों की जरूरत के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, पुणे या मुंबई में हो सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






