MRPL में इंजीनियरिंग युवाओं के लिए नौकरी का मौका, GATE-2026 स्कोर जरूरी, आवेदन से पहले जान लें पात्रता की शर्तें

top-news
MRPL ने GATE 2026 स्कोर के आधार पर असिस्टेंट इंजीनियर के 26 पदों पर भर्ती निकाली है। मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और केमिकल इंजीनियरिंग के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयन GATE स्कोर, ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) ने GATE 2026 के अंकों के आधार पर असिस्टेंट इंजीनियर के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को मैनेजमेंट कैडर के E2 ग्रेड में नियुक्त किया जाएगा। कुल 26 पदों पर भर्ती होनी है, जिनमें मैकेनिकल के 8, इलेक्ट्रिकल के 3 और केमिकल के 15 पद शामिल हैं। खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन सीधे GATE 2026 के वैध स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग के बाद किया जाएगा। इसके बाद ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किसी पुराने वर्ष का GATE स्कोर मान्य नहीं होगा। योग्य उम्मीदवारों को संबंधित इंजीनियरिंग विषय में डिग्री के साथ संबंधित GATE 2026 पेपर का स्कोर होना जरूरी है। भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को बेसिक पे के अलावा डीए, एचआरए या टाउनशिप सुविधा, कैफेटेरिया लाभ और प्रदर्शन आधारित वेतन समेत अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।


मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और केमिकल में पद, ये योग्यता जरूरी

MRPL के विशेष भर्ती अभियान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 8 और इलेक्ट्रिकल के 3 पद रखे गए हैं। मैकेनिकल पद के लिए उम्मीदवार के पास मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई, बीटेक या बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए। इलेक्ट्रिकल पद के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग अथवा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिग्री जरूरी है। वहीं केमिकल डिसिप्लिन में सबसे ज्यादा 15 पद हैं। इसके लिए केमिकल इंजीनियरिंग, केमिकल टेक्नोलॉजी, पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग या पेट्रोकेमिकल टेक्नोलॉजी में बीई, बीटेक या बीएससी इंजीनियरिंग की योग्यता मांगी गई है। उम्मीदवार के पास संबंधित विषय का GATE 2026 स्कोर भी होना चाहिए। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को भर्ती की विस्तृत पात्रता और आधिकारिक निर्देशों के अनुसार अपनी योग्यता सुनिश्चित करनी होगी।


GATE स्कोर के बाद GD-PI से होगा चयन

MRPL सबसे पहले GATE 2026 में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगी। GD और PI के लिए प्रत्येक पद के मुकाबले करीब पांच गुना उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा। यानी एक पद के लिए पांच उम्मीदवारों के अनुपात में शॉर्टलिस्टिंग होगी। अगर GATE में दो या उससे अधिक उम्मीदवारों के अंक समान रहते हैं तो शैक्षणिक योग्यता में बेहतर अंक वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतिम मेरिट सूची कंपनी के नियमों के अनुसार तैयार होगी। चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग-सह-प्रोबेशन पर रखा जाएगा। E2 ग्रेड में शुरुआती बेसिक पे 50,000 रुपये है और वेतनमान 50,000 से 1,60,000 रुपये है। उम्मीदवारों को जॉइनिंग के बाद कम से कम तीन साल MRPL में सेवा देनी होगी। सामान्य वर्ग के लिए सर्विस बॉन्ड 3 लाख और EWS, OBC (NCL), SC, ST व PwBD उम्मीदवारों के लिए 50 हजार रुपये है। आवेदन शुल्क सामान्य, OBC (NCL) और EWS उम्मीदवारों के लिए 118 रुपये है, जिसमें GST भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *