सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे 10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए मौका, तटरक्षक बल में 365 पदों पर भर्ती
- Shiv Kumar
- 06 Oct, 2026
भारतीय तटरक्षक बल ने तटरक्षक नामांकित कार्मिक परीक्षा (CGEPT) बैच 01/2027 और 02/2027 के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत नाविक (सामान्य ड्यूटी), नाविक (घरेलू शाखा), यांत्रिक और स्वच्छताकर्मी-I के कुल 365 पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगी और उम्मीदवार 21 अक्टूबर 2026 शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क 550 रुपये रखा गया है, जबकि एससी और एसटी उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। दोनों बैच के लिए पदों और योग्यता के अनुसार अलग-अलग शर्तें निर्धारित की गई हैं।
बैच 01/2027 और 02/2027 में इतने पद
बैच 01/2027 में कुल 190 पद हैं। इनमें नाविक सामान्य ड्यूटी के पुरुषों के 117, महिलाओं के 13, यांत्रिक मैकेनिकल के 28, इलेक्ट्रिकल के 23 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 9 पद शामिल हैं। वहीं बैच 02/2027 में कुल 175 पद हैं। इनमें नाविक सामान्य ड्यूटी पुरुषों के 117, महिलाओं के 13, नाविक घरेलू शाखा के 25 और स्वच्छताकर्मी-I के 20 पद हैं। नाविक सामान्य ड्यूटी के लिए 12वीं में गणित और भौतिक विज्ञान के साथ पास होना जरूरी है। घरेलू शाखा के लिए 10वीं, जबकि स्वच्छताकर्मी-I के लिए 10वीं या आईटीआई अथवा समकक्ष योग्यता मांगी गई है। यांत्रिक पद के लिए संबंधित इंजीनियरिंग में निर्धारित डिप्लोमा जरूरी है।
आयु सीमा, सैलरी और आवेदन शुल्क की जानकारी
नाविक सामान्य ड्यूटी के दोनों बैच के लिए जन्मतिथि 1 नवंबर 2005 से 1 मई 2009 के बीच होनी चाहिए। यांत्रिक के लिए 1 मई 2005 से 1 मई 2009, नाविक घरेलू शाखा के लिए 1 नवंबर 2005 से 1 अक्टूबर 2009 और स्वच्छताकर्मी-I के लिए 1 नवंबर 2002 से 1 अक्टूबर 2009 तक की जन्मतिथि निर्धारित है। नाविक और स्वच्छताकर्मी-I को लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये मूल वेतन मिलेगा, जबकि यांत्रिक पद पर लेवल-5 के तहत 29,200 रुपये मूल वेतन और 6,200 रुपये यांत्रिक भत्ता मिलेगा। आवेदन शुल्क 550 रुपये है और एससी-एसटी उम्मीदवारों को इससे छूट दी गई है।
चार चरणों में होगी भर्ती, पहले चरण में 100 सवाल
चयन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 60 मिनट मिलेंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी में होगी तथा इसमें नकारात्मक अंक नहीं होंगे। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों को न्यूनतम 40 और एससी-एसटी उम्मीदवारों को 35 अंक चाहिए होंगे। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल होगा। शारीरिक परीक्षा में 1.6 किलोमीटर दौड़, उठक-बैठक, पुश-अप और बेंट-नी सिट-अप शामिल हैं। पुरुषों के लिए दौड़ का समय 6 मिनट 30 सेकंड और महिलाओं के लिए 8 मिनट है। इसके बाद आईएनएस चिल्का में अंतिम सत्यापन और मेडिकल प्रक्रिया होगी।
आवेदन कैसे करें और क्या रहेगा शारीरिक मानक
उम्मीदवार 6 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा और मोबाइल नंबर व ईमेल की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद संबंधित पद चुनकर शैक्षणिक योग्यता और अन्य जानकारी भरनी होगी, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और शुल्क जमा कर आवेदन पूरा करना होगा। पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 157 सेंटीमीटर और महिलाओं की 152 सेंटीमीटर होनी चाहिए। पुरुषों की छाती कम से कम 77 सेंटीमीटर और 5 सेंटीमीटर न्यूनतम फैलाव वाली होनी चाहिए। आवेदन से जुड़ी सहायता के लिए दिए गए हेल्पडेस्क और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






