महिला दरोगा बोली- मुकदमे से बचना है तो 45 हजार लगेंगे, पीड़ित ने कर दिया खेल, फंस गईं एनकाउंटर कॉप

top-news
गाजियाबाद में महिला थाने की साहिबाबाद चौकी पर तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह को एंटी करप्शन यूनिट मेरठ ने 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। वह दहेज केस में नाम न बढ़ाने के बदले घूस मांग रही थी।

गाजियाबाद में तैनात महिला दरोगा को रिश्वतखोरी के आरोप में एंटी करप्शन यूनिट मेरठ ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह महिला थाने की पुलिस चौकी साहिबाबाद में तैनात थी। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के एक मुकदमे में आरोपी का नाम न बढ़ाने के बदले उसने 45 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और रंगे हाथ महिला दरोगा को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।


दहेज केस की जांच के दौरान मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, भुवनेश्वरी सिंह गाजियाबाद महिला थाने की साहिबाबाद रिपोर्टिंग चौकी पर तैनात थीं और एक दहेज उत्पीड़न के मामले की जांच कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से पीड़ित पक्ष से संपर्क कर आरोपी का नाम केस में न जोड़ने के बदले 45 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय मेरठ स्थित एंटी करप्शन यूनिट से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही महिला दरोगा ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित थाने लाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


महिला एनकाउंटर टीम का हिस्सा रह चुकी हैं दरोगा
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में गाजियाबाद में हुए चर्चित एनकाउंटर में महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह भी शामिल थीं। उस एनकाउंटर ने देसी ही नहीं, बल्कि विदेशी मीडिया में भी सुर्खियां बटोरी थीं। यह संभवत देश का पहला ऐसा एनकाउंटर था, जिसमें पूरी पुलिस टीम महिला पुलिसकर्मियों की थी। एनकाउंटर के बाद गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने महिला पुलिस टीम की सराहना की थी और उनका हौसला बढ़ाया था। हालांकि, महज छह महीने के भीतर ही उसी टीम की सदस्य रही महिला दरोगा का रिश्वत मामले में गिरफ्तार होना पुलिस विभाग के लिए असहज स्थिति माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *