रात में हुआ झगड़ा, पत्नी लेकर आई चाकू और पति के साथ कर दिया बड़ा कांड, मामला जान आप कहेंगे- हम कुंवारे ही ठीक हैं!
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने मामूली विवाद के बाद अपने पति की चाकू से जीभ काट दी। गंभीर हालत में युवक को पहले मोदीनगर के अस्पताल और फिर मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है और डॉक्टर ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।
रात के खाने को लेकर हुआ विवाद
मोदीनगर के संजयपुरी निवासी विपिन (26) की शादी मार्च 2025 में मेरठ के मलियाना निवासी ईशा से हुई थी। विपिन मोदीनगर की एक फैक्ट्री में प्राइवेट नौकरी करता है और घर में उसकी पत्नी के अलावा मां गीता रहती हैं। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात ईशा ने खाना बनाया था। खाना खाने के बाद मां गीता अपने कमरे में चली गईं, जबकि विपिन और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे। इसी दौरान खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो रात करीब 11 बजे के बाद तेज झगड़े में बदल गई।
रात एक बजे चाकू से किया हमला
परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद रात करीब एक बजे ईशा रसोई में गई और वहां से चाकू ले आई। इसके बाद उसने अपने पति विपिन पर हमला कर उसकी जीभ काट दी। जीभ कटते ही विपिन दर्द से तड़पता हुआ नीचे अपनी मां के पास पहुंचा। मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी जाग गए। गंभीर रूप से घायल विपिन को तुरंत मोदीनगर के जीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बोलने में असमर्थ, ऑपरेशन के बाद स्थिति साफ
डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत गंभीर है और वह फिलहाल बोल नहीं पा रहा है। ऑपरेशन के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसकी आवाज और जीभ की स्थिति में कितना सुधार हो सकेगा। परिजन कटी हुई जीभ को भी अस्पताल लेकर पहुंचे हैं, ताकि चिकित्सकीय उपचार संभव हो सके।
भीड़ ने पत्नी की पिटाई की, वीडियो वायरल
मंगलवार सुबह जब मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि घटना के बाद आरोपी पत्नी ईशा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। भीड़ ने उसे बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान ईशा के मायके पक्ष से आए एक व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने कही कार्रवाई की बात
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मोदीनगर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हालात को काबू में रखा गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






