गाजियाबाद में धर्मकांटे के इलेक्ट्रॉनिक चिप में करते थे गड़बड़ी, फिर लाखों का माल कर देते थे पार, पुलिस ने चार को दबोचा

top-news
गाजियाबाद में धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर ट्रकों से सरिया चोरी करने वाले हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में सरिया और उपकरण बरामद किए हैं। अब संपत्ति जब्ती की तैयारी चल रही है।

गाजियाबाद में पुलिस ने सरिया चोरी करने वाले एक हाईटेक गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की अपराध शाखा, स्वाट टीम और थाना वेव सिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरोह कंप्यूटरीकृत धर्मकांटों में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर ट्रकों के वजन में हेराफेरी करता था और लाखों रुपये का सरिया गायब कर देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44,550 किलो चोरी का सरिया, तीन ट्रक ट्रॉले, एक कार, इलेक्ट्रॉनिक चिप, रिमोट और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।


धर्मकांटे में चिप लगाकर करते थे वजन में हेराफेरी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले धर्मकांटे के सिस्टम में इलेक्ट्रॉनिक चिप फिट करते थे, जिससे ट्रक का वास्तविक वजन रिकॉर्ड नहीं होता था। इसके बाद माल लदे ट्रकों से सरिया निकाल लिया जाता और कागजों में वजन सही दिखाया जाता था। इस तरीके से लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था, जिससे ट्रांसपोर्ट कंपनियों और मालिकों को लंबे समय तक नुकसान का पता भी नहीं चल पाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया।


कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
पूछताछ में पता चला कि गिरोह का नेटवर्क सिर्फ गाजियाबाद तक सीमित नहीं था, बल्कि गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़ और बुलंदशहर सहित कई जिलों में सक्रिय था। आरोपी पहले भी जेल जा चुके थे, लेकिन बाहर आने के बाद फिर से संगठित होकर चोरी का काम शुरू कर दिया। पुलिस अब गिरोह की अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों, ट्रकों और अन्य निवेशों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई भी शुरू हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *