यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई था दूसरा आरोपी गुलफाम, 48 घंटे में दोनों पहुंचे परलोक

top-news
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़ में गुलफाम ढेर हो गया। वह सलीम वस्तिक पर हुए हमले के मुख्य आरोपी जीशान का भाई था। 48 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को एनकाउंटर में मार गिराया।

गाजियाबाद में लोनी क्षेत्र के रहने वाले पूर्व मुस्लिम सलीम वस्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी मुठभेड़ में मार गिराया है। इंदिरापुरम इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात गुलफाम मारा गया। पुलिस के मुताबिक गुलफाम इस मामले के मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सलीम वस्तिक पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इस कार्रवाई के साथ ही 48 घंटे के भीतर इस मामले में शामिल दोनों सगे भाइयों को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है।


48 घंटे में दोनों सगे भाइयों का एनकाउंटर

पुलिस के अनुसार, लोनी में सलीम वस्तिक पर शुक्रवार सुबह दो हमलावरों ने धारदार चाकुओं से हमला किया था। घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गाजियाबाद पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने मुख्य आरोपी जीशान पुत्र बुनियाद अली निवासी सैदनगली जिला अमरोहा पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एक मार्च की रात को पुलिस ने जीशान को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके ठीक 48 घंटे बाद तीन मार्च को उसका बड़ा भाई गुलफाम भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार गुलफाम पर भी एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।


इंदिरापुरम में पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक देर रात इंदिरापुरम क्षेत्र में दो संदिग्ध बाइक से वसुंधरा की ओर जाते हुए दिखाई दिए। जब स्वाट टीम और पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो एक बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे। इस दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जिसकी पहचान गुलफाम पुत्र बुनियाद अली निवासी सैदनगली जिला अमरोहा के रूप में हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से एक तमंचा, एक पिस्टल, एक चाकू, कुछ कारतूस और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *