NH-58 पर गैंगवार की दहशत, हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट पर फायरिंग, खुद ड्राइव कर पहुंचा अस्पताल, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज हमला
- Shiv Kumar
- 03 Apr, 2026
गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में गुरुवार देर रात NH-58 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट उर्फ कालू पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सीकरी के पास एक ढाबे के बाहर हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि राहुल अपने साथियों के साथ खड़ा था और जैसे ही कार में बैठा, एक हमलावर पैदल आया और ड्राइविंग साइड पर पहुंचकर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल राहुल खुद कार लेकर वहां से निकल गया।
चार गोलियां लगने के बाद भी दिखाई हिम्मत
जानकारी के मुताबिक, इस हमले में राहुल जाट को गर्दन, सीने, पेट और पैर में कुल चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि गोली लगने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही कार चलाकर करीब 35 किलोमीटर दूर संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंच गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस घटना ने इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका
पुलिस के अनुसार, राहुल जाट मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। वहीं राहुल की पत्नी करिश्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पति को साजिश के तहत बुलाया गया और उन पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस वारदात में कई लोग शामिल हैं और सभी की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
सीसीटीवी के आधार पर तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस सनसनीखेज हमले के पीछे के कारणों की गहराई से जांच जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






