दिल्ली क्राइम ब्रांच कि बड़ी सफलता, दिल्ली में चल रहे नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़, हजारों नकली ‘सेंसोडाइन’ ट्यूब बरामद, आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 03 Apr, 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में चल रहे नकली टूथपेस्ट के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। आउटर दिल्ली के खंझावला इलाके में महावीर विहार स्थित एक अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर पुलिस ने हजारों नकली Sensodyne टूथपेस्ट ट्यूब और उन्हें बनाने का सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है, खासकर उन लोगों के बीच जो इस ब्रांड का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रेड में खुला बड़ा फर्जीवाड़ा, 130 किलो नकली पेस्ट बरामद
पुलिस के मुताबिक, 2 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की। मौके पर 6 मजदूर नकली टूथपेस्ट को ट्यूब में भरते और पैक करते हुए मिले। जांच में सामने आया कि लोकल और घटिया क्वालिटी के पेस्ट को मशहूर ब्रांड Sensodyne के नाम से बाजार में बेचने की तैयारी थी। छापे के दौरान हजारों भरे और खाली ट्यूब, पैकिंग बॉक्स, रैपर, ट्यूब सीलिंग मशीन, करीब 130 किलो नकली पेस्ट, कैप, गोंद और अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह पूरा माल लाखों रुपए का है।
बिना लाइसेंस चल रही थी फैक्ट्री
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरी ओम मिश्रा (58) के रूप में हुई है, जो रोहिणी का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने गोदाम किराए पर लिया था और बिना किसी लाइसेंस के नकली टूथपेस्ट तैयार कर रहा था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की कि बरामद किया गया पूरा सामान नकली है और बेहद अस्वच्छ माहौल में बनाया जा रहा था, जो लोगों की सेहत के लिए खतरनाक हो सकता था।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह नकली प्रोडक्ट कहां-कहां सप्लाई किया जा रहा था और इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद बाजार में बिक रहे उत्पादों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत भी बताई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






