दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर कला जठेड़ी - संपत नेहरा गैंग के कुख्यात बदमाश को दबोचा

top-news
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने काला जठेड़ी-संपत नेहरा गैंग के वांटेड बदमाश रवि मलिक उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या, लूट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश रवि मलिक उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। 43 वर्षीय आरोपी गैंगस्टर काला जठेड़ी और संपत नेहरा गैंग का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, रवि मलिक कई गंभीर मामलों में वांटेड था और काफी समय से गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। आरोपी पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज हैं और उस पर दिल्ली व यूपी पुलिस की ओर से इनाम भी घोषित किया गया था।


गुप्त सूचना पर ऐसे बिछाया गया जाल

क्राइम ब्रांच को 22 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रोहिणी इलाके में आने वाला है। इसके बाद इंस्पेक्टर सतीश मलिक की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने लांसर कॉन्वेंट स्कूल के पास घेराबंदी कर जाल बिछाया और मौके पर दबिश देकर रवि मलिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी शातिर था और हर बार लोकेशन बदलकर बच निकलता था। इस बार सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिससे उसे पकड़ने में सफलता मिली।


जमानत पर छूटकर बना भगोड़ा, बढ़ता गया अपराध

पुलिस के अनुसार, रवि मलिक पहले हत्या के प्रयास और हथियारबंद लूट के मामले में गिरफ्तार हुआ था। हालांकि जमानत मिलने के बाद वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ और साल 2018 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। इससे पहले साल 2006 में एक जमीन विवाद के दौरान उसने गोली चलाई थी, जिसके बाद वह अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। जेल के दौरान उसकी मुलाकात गैंगस्टर काला जठेड़ी से हुई और वहीं से वह गैंग का हिस्सा बन गया। बताया जाता है कि जेल में रहते हुए भी वह एक कैदी की हत्या में शामिल रहा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये और बाद में यूपी पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। साल 2017 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वह फिर फरार हो गया और दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *