गाजियाबाद के EX मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हत्या और अपहरण के मामले में 25 साल से था फरार, पुलिस नहीं कर सकी पहचान
- Shiv Kumar
- 25 Apr, 2026
करीब तीन दशक तक पुलिस से बचता रहा एक खतरनाक आरोपी आखिरकार गिरफ्त में आ गया है। गाजियाबाद के लोनी इलाके से एंटी रॉबरी एंड सीरियस क्राइम टीम ने 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे सलीम वास्तिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साल 1995 में 13 साल के एक बच्चे के अपहरण और हत्या का गंभीर आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि यह मामला लंबे समय से ठंडे बस्ते में माना जा रहा था।
अपहरण के बाद कर दी थी मासूम की हत्या
पुलिस के अनुसार, साल 1995 में सलीम वास्तिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक 13 साल के बच्चे का अपहरण किया था। अपहरण के बाद परिवार से 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। लेकिन पैसे मिलने से पहले ही आरोपी ने बच्चे की हत्या कर दी थी। इस घटना ने उस समय पूरे इलाके को हिला कर रख दिया था और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। मामले में पुलिस ने सलीम को गिरफ्तार भी किया था और 1997 में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि साल 2000 में उसे जमानत मिल गई, जिसके बाद वह फरार हो गया और पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया।
पहचान बदलकर यूट्यूबर बन गया आरोपी
जमानत पर बाहर आने के बाद सलीम ने पुलिस से बचने के लिए कई चालें चलीं। उसने खुद को मृत घोषित करवा दिया और अपनी पहचान बदल ली। इसके बाद वह सलीम अहमद नाम से हरियाणा और आसपास के इलाकों में रहने लगा। धीरे-धीरे उसने सोशल मीडिया पर खुद को एक यूट्यूबर के तौर पर स्थापित कर लिया और इसी पहचान के पीछे छिपकर सालों तक कानून से बचता रहा। साल 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उसकी अपील खारिज कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता रहा। हाल ही में क्राइम ब्रांच को उसकी लोकेशन लोनी में मिलने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने प्लान बनाकर उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके पुराने नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






