मामूली सी बात पर युवक को इतना पीटा कि हो गई मौत, इंसाफ के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा पिता
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2026
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बाग राणप निवासी चरण सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे सोनू को कुछ लोगों ने मामूली विवाद के बाद बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत देने के बावजूद समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट
परिजनों के अनुसार, सोनू 26 अप्रैल को दोपहर के समय अपना मालवाहक वाहन लेकर मुखिया गेट के पास एक गोदाम पर लोडिंग के लिए गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कई लोगों ने मिलकर सोनू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। बाद में उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद पुलिस चौकी कस्बा में शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब उन्होंने लोनी थाने में एक नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






