अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह के 9 गुर्गे गिरफ्तार, 20 से अधिक विदेशी पिस्टल बरामद, मिला कारतूसों का जखीरा
- Shiv Kumar
- 30 Apr, 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में उत्तर भारत में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। करीब 15 दिन तक चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 23 अत्याधुनिक हथियार, जिनमें विदेशी पिस्तौल और सेमी-ऑटोमैटिक हथियार शामिल हैं, के साथ 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में हथियारों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस को खुफिया जानकारी मिलने के बाद इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक किया गया और एक-एक कर सभी आरोपियों को दबोचा गया।
पाकिस्तान से नेपाल बॉर्डर के जरिए आता था हथियार
स्पेशल सेल के अधिकारियों के मुताबिक इस गिरोह का मास्टरमाइंड शाहबाज अंसारी और उसका चाचा रेहान अंसारी है, जो फिलहाल फरार हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था और नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत में उनकी तस्करी की जाती थी। इसके बाद इन हथियारों को दिल्ली, एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। गिरोह के सदस्य पुलिस की नजर से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
15 दिन के ऑपरेशन में ऐसे हुआ खुलासा
यह पूरा ऑपरेशन 14 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच चलाया गया। शुरुआत में उस्मानपुर से एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से पिस्तौल मिली। पूछताछ में कई नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जौनपुर से पकड़े गए एक आरोपी के पास से सबसे ज्यादा 12 पिस्तौल बरामद हुईं। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों को अजमेरी गेट, सिकंदराबाद और आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
गिरोह का नेटवर्क बेहद संगठित, जांच जारी
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। हर सदस्य की अलग जिम्मेदारी तय थी, जिसमें कोई लॉजिस्टिक्स संभालता था तो कोई डिलीवरी और छिपाने का काम करता था। यह गिरोह न सिर्फ विदेशी हथियारों की तस्करी करता था, बल्कि बिहार के मुंगेर से भी हथियार लाकर सप्लाई करता था। पुलिस अब उन अंतरराष्ट्रीय रास्तों की जांच कर रही है, जिनके जरिए हथियार देश में पहुंच रहे थे। फिलहाल फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






