पूजा से लौट रहे लोगों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने किया हमला, पथराव के बाद हिंसक झड़प में कई घायल, भारी तनाव, पुलिस बल तैनात
- Shiv Kumar
- 02 May, 2026
गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्टा इलाके में शनिवार शाम मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। सड़क पर निकलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों तरफ से मारपीट और पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में महिलाओं समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
सड़क पर निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार, कैला भट्टा इलाके में दो अलग-अलग समुदायों के युवकों के बीच सड़क पर निकलने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुलिस के मुताबिक एक पक्ष से साजन और दूसरे पक्ष से जैत नाम सामने आया है। शुरुआती बहस के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इलाके में अचानक हुए हंगामे से लोग घबराकर घरों और दुकानों की तरफ भागने लगे। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया।
महिलाएं भी घायल, अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक पथराव और मारपीट में महिलाओं समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कुछ लोग नौ देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान जय माता की बोलने को लेकर विवाद शुरू होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
10 लोग हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। कैला भट्टा इलाके में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






