गाजियाबाद में भीषण आग का तांडव, AC सर्विस सेंटर में धमाकों के बीच जिंदा जला 80 वर्षीय बुजुर्ग, 8 दमकल गाड़ियों ने घन्टो बाद आग पर पाया काबू

top-news
गाजियाबाद के पटेल नगर में एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से 80 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की जिंदा जलकर मौत हो गई। लगातार धमाकों के बीच 8 दमकल गाड़ियों ने कई घंटे बाद आग पर काबू पाया।

गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शनिवार तड़के एक एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे तीन मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर लगातार धमाकों के साथ फटते रहे। धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में 80 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की जिंदा जलकर मौत हो गई। फायर विभाग की टीम को सर्च ऑपरेशन के दौरान भूतल पर उनका शव मिला।


सुबह 3 बजे मिली सूचना, 8 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

फायर विभाग के मुताबिक आग लगने की सूचना शनिवार सुबह करीब 3 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग पूरे भवन में फैल चुकी थी। भवन के अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर एक के बाद एक फट रहे थे, जिससे आग और ज्यादा भड़कती चली गई। घने धुएं और लगातार हो रहे धमाकों के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से अतिरिक्त यूनिट बुलाई गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में कुल 8 दमकल गाड़ियों और ब्राउजर की मदद से कई घंटे तक अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


2 कार और 10 बाइक जलकर राख, जांच में जुटी टीम

भीषण आग की चपेट में आकर भवन में खड़ी 2 कारें और करीब 10 मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के भवनों को भी खाली कराया गया। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में कई घंटों तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *