गाजियाबाद में आग लगने से मचा हड़कंप, झुग्गी झोपड़ियों के पास लगी आग, फायर टीम ने आग पर पाया काबू
- Shiv Kumar
- 11 May, 2026
गाजियाबाद के वैशाली इलाके में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग मैक्स हॉस्पिटल के पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों के नजदीक घास-फूस और झाड़ियों में लगी थी। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलने लगी और झुग्गियों के साथ पास स्थित बिजली घर तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर फायर स्टेशन वैशाली को आग लगने की सूचना मिली। इसके साथ ही डायल-112 पर भी लोगों ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी फायर स्टेशन वैशाली एक फायर टेंडर और दो वाटर बाउजर के साथ मौके के लिए रवाना हुए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सेक्टर-1 वैशाली स्थित बिजली घर के पास सूखी झाड़ियों और घास-फूस में आग लगी हुई थी। आग तेजी से झुग्गियों की तरफ बढ़ रही थी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बिजली घर और ट्रांसफार्मर भी सुरक्षित बचाए गए
फायर कर्मियों ने तुरंत होज पाइप की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो करीब 100 झुग्गियां इसकी चपेट में आ सकती थीं। वहीं पास में मौजूद बिजली घर के बड़े ट्रांसफार्मर और अन्य मशीनों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा था। फायर विभाग की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में फायर टीम की मदद करते दिखाई दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग सूखी झाड़ियों से फैलने की आशंका है, हालांकि हर पहलू की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






