गाजियाबाद से सामने आई खौफनाक वारदात, 80 साल के बुजुर्ग ने पत्नी की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या, फिर कबूल किया गुनाह
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
गाजियाबाद। गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। घटना शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आरोपी हरपाल सीधे रावली पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है। उसकी बात सुनते ही चौकी में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत आरोपी को साथ लेकर रावली कला गांव स्थित मकान पर पहुंची, जहां हरपाल अपनी बेटी के घर रह रहा था। घर के अंदर चारपाई पर 72 वर्षीय उर्मिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उनके सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। पुलिस ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नाती ने बताई बुजुर्ग की मानसिक हालत खराब होने की बात
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा फैल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के वक्त घर में परिवार के बाकी सदस्य मौजूद नहीं थे। आरोपी के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता मेरठ गए हुए थे। वह और उसका भाई कमरे में सो रहे थे, जबकि नाना-नानी बाहर वाले हिस्से में थे। कुणाल के मुताबिक, हरपाल की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते देर रात बुजुर्ग ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी बिना घबराए खुद चौकी पहुंच गया और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी हरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और मानसिक अस्थिरता से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और लोग इस बात से हैरान हैं कि जीवनभर साथ निभाने वाले पति ने अपनी ही पत्नी की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






