दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, मेवात बेस्ड आर्म्स सप्लायर गैंग का भंडाफोड़, 14 पिस्टल और 20 कारतूस बरामद
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
दिल्ली पुलिस ने “नो गन्स, नो गैंग्स” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मेवात आधारित अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने इस कार्रवाई में अब तक 14 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गैंग दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में हथियार सप्लाई करने में सक्रिय था। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस लंबे समय से इस गैंग की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी और गुप्त सूचना मिलने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
मथुरा से पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को स्पेशल स्टाफ टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर अंतरराज्यीय हथियार सप्लायर कुंवर पाल उर्फ कपिल को गिरफ्तार किया था। आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला बताया गया है। उसके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस मामले में बाबा हरिदास नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हथियार हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू के कहने पर दिल्ली सप्लाई करने आया था। इसके बाद पुलिस ने हरमेश की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
राजस्थान के डीग में दबिश देकर पकड़ा मुख्य आरोपी
लगातार तलाश के बाद 18 मई को स्पेशल स्टाफ टीम ने डीग जिले के जुर्हेरा इलाके में छापेमारी कर हरमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर एक अत्याधुनिक पिस्टल, 5 देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी पांच आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए जाते थे और किन अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






