सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, परिवार बोला- आरोपी की लाश दिखाओ, तब होगा यकीन

top-news
गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान फायरिंग की थी। घटना में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दिन हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या के बाद से फरार चल रहा था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब मामले के अंतिम फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।


पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी असद अपने एक साथी से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है और इसके बाद शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। देर रात असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है।


घटनास्थल से हथियार बरामद, एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस ने मौके से आरोपी की मोटरसाइकिल और एक देसी पिस्तौल बरामद की है। बताया गया कि इसी हथियार से उसने पुलिस पर गोली चलाई थी। हालांकि असद के साथ मौजूद दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि सूर्या चौहान की हत्या का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक उन पर हमला करते दिखाई दिए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। असद इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना जा रहा था। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।


सूर्या की मां ने कहा- पहले आरोपी की लाश दिखाओ, तब होगा यकीन

पुलिस द्वारा आरोपी असद के मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना मिलने के बाद सूर्या की मां सरोज ठाकुर को कुछ हद तक संतोष मिला। हालांकि परिवार के सदस्यों ने शुरुआत में इस पर भरोसा नहीं किया और कहा कि जब तक वे असद का शव अपनी आंखों से नहीं देख लेते, तब तक इस बात को सच नहीं मानेंगे। बाद में पुलिस अधिकारियों और मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को पूरी जानकारी देकर समझाया, जिसके बाद उन्हें घटना पर विश्वास हुआ। इस बीच सूर्या के घर का माहौल बेहद भावुक और गमगीन बना रहा। परिजनों की आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे और घर में लगी बेटे की तस्वीर को निहारती निगाहें उनके दर्द को बयां कर रही थीं। परिवार अब भी अपने बेटे को खोने के गहरे सदमे से उबर नहीं पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *