दिल्ली के ITO स्थित मिनिस्ट्री ऑफ इंजीनियरिंग की बिल्डिंग में लगी भयानक आग, मौके पर दमकल की 8 गाड़ियां मौजूद
- Shiv Kumar
- 01 Jun, 2026
राजधानी दिल्ली के आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की इमारत में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद परिसर से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को फैलने से रोक लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:37 बजे दमकल विभाग को घटना की सूचना मिली थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
आग लगने की खबर मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार आग दूसरी मंजिल तक सीमित रही, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाल के दिनों में दिल्ली में आग लगने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। सोमवार को ही मुखर्जी नगर के एक पीजी हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई थी, हालांकि वहां भी कोई जनहानि नहीं हुई। इससे पहले महिपालपुर क्षेत्र के एक मोबाइल गोदाम में भीषण आग लगी थी, जिसे बुझाने के लिए 14 दमकल वाहनों की मदद लेनी पड़ी थी।
एसी में आग की बढ़ती घटनाएं बनी चिंता का कारण
दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में एयर कंडीशनर से जुड़ी आग की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। हाल ही में हौज खास में एक पूर्व आईएएस अधिकारी के घर में एसी में विस्फोट के बाद आग लग गई थी, जिसमें गंभीर रूप से घायल अधिकारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले विवेक विहार इलाके में एसी में आग लगने से घर में भीषण आग फैल गई थी, जिसमें नौ लोगों की जान चली गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में एसी और अन्य विद्युत उपकरणों पर अधिक दबाव पड़ने से शॉर्ट सर्किट और आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






