गाजियाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 13 वर्षीय लड़की से की दरिंदगी, गर्भवती होने पर खुला मामला
- Shiv Kumar
- 01 Jun, 2026
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सिराज के रूप में हुई है। नाबालिग के गर्भवती होने के बाद इस सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मामले को लेकर इलाके में काफी आक्रोश है। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
पेट दर्द की शिकायत पर हुआ खुलासा
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक किशोरी ने बयान में बताया कि आरोपी पड़ोसी पिछले करीब तीन महीनों से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। जब किशोरी के पेट में दर्द की शिकायत हुई तो परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर गए। जांच के दौरान गर्भवती होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस बीच लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हर संभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
फायरिंग के बाद पुलिस ने दबोचा आरोपी
पुलिस के अनुसार सेवा धाम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक स्कूटी से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने का प्रयास करते हुए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सिराज बताया तथा किशोरी के साथ दुष्कर्म की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






