यमुना किनारे अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, एसडीएम के छापे से खनन माफिया में मची भगदड़, ट्रैक्टर-लोडर किए सीज
- Shiv Kumar
- 17 Jun, 2026
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर शिकंजा कसा है। रात के अंधेरे में यमुना नदी के पचायरा बांध क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचना मिलते ही लोनी के उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने की खबर मिलते ही खनन माफिया में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, यमुना नदी के किनारे लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। बुधवार रात भी पचायरा बांध क्षेत्र में बालू निकाले जाने की सूचना प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। प्रशासन की गाड़ियों को आते देख खनन में शामिल लोग भागने लगे। इस दौरान कई वाहन मौके से निकल गए, लेकिन एक बालू से भरा ट्रैक्टर और खनन में इस्तेमाल होने वाला लोडर पानी में फंस गया।
पानी में उतरकर खुद निकाले वाहन
छापेमारी के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल स्वयं यमुना नदी के पानी में उतरे और फंसे हुए वाहनों को बाहर निकलवाने की कार्रवाई में जुट गए। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से ट्रैक्टर और लोडर को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशासन की सक्रियता देखकर खनन माफिया मौके पर वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार नहीं किया जा सका, लेकिन वाहन प्रशासन के कब्जे में ले लिए गए।
खनन माफिया के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल ने बताया कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पकड़े गए ट्रैक्टर और लोडर को सीज कर दिया गया है तथा संबंधित विभागों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यमुना क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






