दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आईएसआई समर्थित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 02 Jul, 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन पंजाब और एक दिल्ली का रहने वाला है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहज़ाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
ड्रोन के जरिए मंगाए जाते थे हथियार और नशीले पदार्थ
स्पेशल सेल की जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में रहते थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बच सकें। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भारत मंगाए जाते थे। मुख्य आरोपी शुभदीप सिंह पहले भी मादक पदार्थ से जुड़े मामले में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं गुरजंत सिंह और साजन सिंह पर भी ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप मंगाने में शामिल होने का आरोप है। साजन सिंह भी पहले मादक पदार्थ के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
दिल्ली में रेकी और हमले की थी साजिश
पुलिस के अनुसार चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि उसे राजधानी के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेट की रेकी करने का जिम्मा सौंपा गया था। इसके अलावा उसे दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों पर फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देने का भी कथित निर्देश मिला था। स्पेशल सेल ने तकनीकी निगरानी और कई राज्यों में छापेमारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क के विस्तार की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






