दिल्ली पुलिस ने लग्जरी कार चोरी गैंग का किया भंडाफोड़, हिस्ट्रीशीटर समेत 4 गिरफ्तार, 11 महंगी गाड़ियां बरामद
- Shiv Kumar
- 07 Jul, 2026
दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय लग्जरी वाहन चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अलीपुर थाने का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 चोरी की लग्जरी गाड़ियां, एक चोरी का ऑटो-रिक्शा, 50 इलेक्ट्रॉनिक डुप्लीकेट चाबियां और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई हाईटेक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह दिल्ली और आसपास के राज्यों में सक्रिय था और खासतौर पर महंगी एसयूवी व लग्जरी कारों को निशाना बनाता था। लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद विशेष टीम गठित कर कई दिनों की निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
हाईटेक तकनीक से कुछ ही मिनटों में चुरा लेते थे लग्जरी गाड़ियां
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले दिल्ली के पॉश इलाकों में दिन के समय रेकी करता था और रात में वारदात को अंजाम देता था। आरोपी आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मशीनों और सॉफ्टवेयर की मदद से गाड़ियों की स्मार्ट चाबी की डुप्लीकेट तैयार कर लेते थे। इसके बाद बिना शीशा तोड़े या लॉक क्षतिग्रस्त किए कुछ ही मिनटों में वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरोह का सरगना कुलदीप सिंह उर्फ लक्की कथित तौर पर इलेक्ट्रॉनिक चाबी तैयार करने में विशेषज्ञ था और पिछले करीब दो वर्षों से गुरुग्राम के एक पीजी में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस ने बताया कि वारदात के दौरान आरोपी चेहरे पर मास्क पहनते थे और वाहनों के जीपीएस ट्रैकर से बचने के लिए जीपीएस डिटेक्टर का भी इस्तेमाल करते थे।
दूसरे राज्यों में बेचते थे गाड़ियां, कई उपकरण भी बरामद
पुलिस के मुताबिक चोरी की गई महंगी गाड़ियों को दूसरे राज्यों में मौजूद कथित रिसीवरों के जरिए बेचा जाता था। कुछ वाहनों को काटकर उनके इंजन, गियरबॉक्स, ईसीयू, अलॉय व्हील, हेडलाइट और अन्य महंगे पुर्जे ग्रे मार्केट में अलग-अलग बेचे जाते थे। इस काम के लिए आरोपी एक चोरी के ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। पुलिस ने आरोपियों के पास से की-कटिंग मशीन, की-प्रोग्रामिंग सॉफ्टवेयर, कंप्यूटर सिस्टम, टैबलेट, फर्जी नंबर प्लेट, ड्रिल मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कुलदीप सिंह उर्फ लक्की पर पहले से 25, बलविंदर उर्फ बिंदा पर 15 और बख्शीश सिंह उर्फ मन्नी पर 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दीपक उर्फ देव के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






