दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई-हैवी बॉक्सर गैंग का साथी गिरफ्तार, मैथ्स टीचर कर रहा था रेकी
- Shiv Kumar
- 09 Jul, 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हरि बॉक्सर गैंग से जुड़े एक स्थानीय सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पेशे से मैथ्स टीचर है और उसने एक कारोबारी की रेकी कर उसके ऑफिस का वीडियो गैंग तक पहुंचाया था। इसी वीडियो के आधार पर कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे नहीं देने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई।
विदेशी नंबर से आई थी धमकी, ऑफिस का वीडियो भेजकर बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह (35) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के हिसार का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रह रहा था। जांच में सामने आया कि 15 जून को मुखर्जी नगर निवासी एक कारोबारी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर हरि बॉक्सर बताया और एक सप्ताह के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की मांग की। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
रेकी कर गैंग तक पहुंचाई कारोबारी की जानकारी
स्पेशल सेल की जांच में पता चला कि अमित बिश्नोई ने कारोबारी के परिवार, कारोबार और ऑफिस से जुड़ी जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उसने ऑफिस का वीडियो बनाकर गैंगस्टर हरि बॉक्सर को भेजा। पुलिस का कहना है कि इसी वीडियो के जरिए कारोबारी पर डर का दबाव बनाया गया और रंगदारी मांगने की साजिश को अंजाम दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि धमकी देने के लिए गैंग ने कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल किया।
यूपीएससी की तैयारी के बाद बना मैथ्स टीचर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अमित बिश्नोई ने बीटेक की पढ़ाई की है। वह यूपीएससी और एसएससी की तैयारी के लिए दिल्ली के मुखर्जी नगर आया था। साल 2018 से वह अलग-अलग कोचिंग संस्थानों में मैथ्स पढ़ाने का काम कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के गैंग से जुड़े अन्य संपर्कों और उसकी भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






