दिल्ली में बड़ा हादसा, नहाते समय यमुना नदी के तेज बहाव में बहे चार बच्चे, अब तक कोइ सुराग नहीं, दूसरे दिन भी जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

top-news
दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग किशोर तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है।

दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। हिरंकी गांव के पास ठोकर नंबर-24 के निकट यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग किशोर तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और डीडीएमए की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा बढ़ने और दृश्यता कम होने के कारण रात करीब 10:30 बजे सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार को फिर से अभियान शुरू किया गया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला था।


पांच दोस्त नहाने पहुंचे, चार गहरे पानी में समा गए

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:46 बजे सूचना मिली कि यमुना नदी में कुछ बच्चे डूब गए हैं। जांच में पता चला कि पांच किशोर नहाने के लिए नदी में उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण राहुल (15), अंशु (15), सौरभ (15) और अमनदीप (15) अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते नदी की धारा में लापता हो गए। उनके साथ मौजूद 14 वर्षीय लकी किनारे पर था। उसने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी।


स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिली सफलता

लकी की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि चारों किशोर कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए। इसके बाद पुलिस और बचाव एजेंसियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीमों ने नदी में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।


दूसरे दिन भी जारी रही तलाश, जांच में जुटी पुलिस

सोमवार सुबह एनडीआरएफ, दमकल विभाग, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है। अलीपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू अभियान पूरा होने और आगे की स्थिति स्पष्ट होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *