सिर्फ हॉर्न बजाने की बात पर चली गोलियां, गाजियाबाद में 25 वर्षीय युवक की हत्या, परिवार में मचा कोहराम
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। रतिराम कॉलोनी में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर गोली चला दी गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय विपिन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे रतिराम कॉलोनी में विपिन और सोनू के बीच बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सोनू ने तमंचा निकालकर विपिन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही विपिन सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल विपिन को तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विपिन को दो गोलियां लगी थीं, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि विपिन शाहदरा स्थित एक ब्रश बनाने वाली कंपनी में नौकरी करता था। वह परिवार में सबसे छोटा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में बड़ा भाई और एक शादीशुदा बहन हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सोनू की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






