दिल्ली में हेड कांस्टेबल ने पत्नी की गोली मारकर हत्या, दहेज प्रताड़ना के आरोप, छह टीमें आरोपी की तलाश में

top-news
दिल्ली के कल्याणपुरी में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर पत्नी की सर्विस पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच आरोपी फरार है और उसकी तलाश में छह पुलिस टीमें जुटी हैं।

दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल मनीष भाटी पर अपनी 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका भाटी की सर्विस पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना एलबीएस अस्पताल के पास तड़के करीब 3 बजे हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है, जबकि मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।


स्कूटर रोककर सीने में मारी गोली, मौके से फरार हुआ आरोपी

पुलिस के अनुसार, मनीष भाटी और उसकी पत्नी प्रियंका स्कूटर से कहीं जा रहे थे। रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर मनीष ने स्कूटर रोका, अपनी सर्विस पिस्टल निकाली और प्रियंका के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रियंका काफी देर तक सड़क पर पड़ी रहीं। बाद में एक राहगीर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


शादी के बाद से दहेज प्रताड़ना का आरोप

मृतका प्रियंका मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सादोपुर गांव की रहने वाली थीं और एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनकी शादी 8 फरवरी 2023 को ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव निवासी मनीष भाटी से हुई थी, जो दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। प्रियंका के पिता अजीत ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका कहना है कि पहले भी मामला महिला प्रकोष्ठ तक पहुंचा था, लेकिन समझौते के बाद प्रियंका को दोबारा ससुराल भेज दिया गया, जहां प्रताड़ना फिर शुरू हो गई।


परिजनों का आरोप- 25 लाख रुपये और स्कॉर्पियो की थी मांग

प्रियंका के भाई नितिन का आरोप है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च करने और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार स्कॉर्पियो कार और 25 लाख रुपये नकद की मांग करता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बहन की हत्या कर दी गई। परिजनों ने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *