गाजियाबाद में 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता को गोलियों से भूना, शराब पीकर लौटा था घर, 6 गोलियां मारकर फरार
- Shiv Kumar
- 16 Jul, 2026
गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। बुधवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पिता के चेहरे, सीने और पेट में ताबड़तोड़ छह गोलियां दागीं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं।
25 बीघा जमीन मिलने के बाद भी बाकी संपत्ति पर था कब्जे का दबाव
मृतक हरिओम चौधरी (52) मोदीनगर के बुदाना गांव के संपन्न किसान थे। उनके नाम पर करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित एक मार्केट सहित लगभग 150 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई जा रही है। परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी निखिल (32) शराब का आदी है और लंबे समय से पिता पर पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हरिओम ने पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट की कुछ दुकानें दे रखी थीं, लेकिन उन्हें आशंका थी कि बेटा बाकी जमीन भी बेच देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
डांटने पर भड़का बेटा, पत्नी और छोटे बेटे के सामने चला दीं गोलियां
एसीपी भास्कर वर्मा के अनुसार बुधवार रात हरिओम चौधरी परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर पर थे। देर रात निखिल शराब पीकर घर पहुंचा तो पिता ने उसे फटकार लगा दी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी और फिर हाथापाई शुरू हो गई। शोर सुनकर पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन इससे पहले ही निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पिता पर लगातार छह गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल हरिओम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार करीब आठ वर्ष पहले भी निखिल अपने छोटे भाई नीशू पर गोली चला चुका था, जिसमें वह बच गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






