ग्रेटर नोएडा में युवक की हत्या, कंपनी कर्मचारी से रात में हुए झगड़े के बाद अस्पताल में तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 24 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक की नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर हुई, जहां दो लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी भी घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरसा गोल चक्कर के पास हुई वारदात
कासना थाना प्रभारी के अनुसार, देर रात डायल-112 पर दो व्यक्तियों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरेली निवासी सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके शरीर पर नुकीले हथियार से कई वार के निशान मिले हैं।
महिला से बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक सुरेश और आरोपी नरेश एक ही कंपनी की अलग-अलग यूनिट में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, जिस महिला से पहले नरेश का संपर्क था, वह कुछ समय से सुरेश से बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि नरेश ने कथित तौर पर सुरेश पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपी भी घायल हो गया।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति सामान्य होने पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






