दिल्ली पुलिस ने लग्जरी कार चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार, 7 चोरी की SUV और कारें बरामद
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लग्जरी गाड़ियां चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दिल्ली, राजस्थान और मणिपुर से चोरी की गई सात लग्जरी एसयूवी और कारें बरामद की हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से कुछ ही मिनटों में कारों का सिक्योरिटी सिस्टम हैक कर डुप्लीकेट स्मार्ट-की तैयार कर लेते थे। इसके बाद चोरी की गाड़ियों को उत्तर-पूर्वी राज्यों, खासकर मणिपुर में बेच दिया जाता था। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। मामले में संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हाईटेक तकनीक से मिनटों में चुराते थे लग्जरी वाहन
डीसीपी क्राइम ब्रांच के मुताबिक एनआर-II टीम को सूचना मिली थी कि गिरोह का एक सदस्य चोरी की गाड़ी के साथ दिल्ली के महादेव चौक इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर एक काली महिंद्रा थार को रोका और आरोपी अमित नागर उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को पांच अलग-अलग कारों की स्मार्ट-की, चार चोरी की गाड़ियों की असली नंबर प्लेट और कई अहम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। जांच में पता चला कि बरामद नंबर प्लेट दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से जुड़ी थीं। पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
दिल्ली से मणिपुर तक फैला था चोरी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली की पॉश कॉलोनियों से महंगी गाड़ियां चुराकर राजस्थान और मणिपुर भेजता था। आरोपी पहले कार का शीशा तोड़ते, सायरन की वायर काटते और फिर विशेष इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट को इंजन कंट्रोल मॉड्यूल से जोड़कर गाड़ी स्टार्ट कर लेते थे। इसके बाद उसी डिवाइस से नई स्मार्ट-की प्रोग्राम कर दी जाती थी। यदि किसी खास मॉडल की मांग होती थी तो आरोपी पहले से उसी मॉडल का शीशा साथ लेकर चलते थे, ताकि चोरी के बाद टूटा हुआ शीशा बदलकर किसी को शक न हो। पुलिस ने अमित नागर की निशानदेही पर राजस्थान और दिल्ली से टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, किआ सेल्टोस और हुंडई आई-20 भी बरामद की।
मणिपुर से भी बरामद हुईं चोरी की गाड़ियां, सरगना की तलाश जारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की गाड़ियों को उत्तर-पूर्व में बेचने का काम टोइजाम नटराज सिंह करता था, जो पहले से उत्तर प्रदेश पुलिस के एक मामले में जेल में बंद था। कोर्ट की अनुमति के बाद उसे इस केस में गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मणिपुर के उखरूल से चार चोरी की लग्जरी गाड़ियां बरामद की गईं। बरामद वाहनों में तीन टोयोटा फॉर्च्यूनर, दो किआ सेल्टोस, एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और एक हुंडई आई-20 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अमित नागर पर विभिन्न राज्यों में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल गिरोह के फरार सरगना अशरफ समेत अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






