दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड से 1 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार

top-news
दिल्ली पुलिस ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड से ठगी करने वाले साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर रकम से सोने के सिक्के खरीदे थे।

दिल्ली पुलिस की ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना टीम ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल की और उसके क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य

सदस्यों की तलाश जारी है।


क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर बनाई ठगी की साजिश

पुलिस के अनुसार, न्यू अशोक नगर निवासी पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल कर खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताया गया। कॉल करने वाले ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच देकर कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से कुल 1 लाख 629 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।


तकनीकी जांच से दो आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान विक्की मेहता और चित्रसेन त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम से ऑनलाइन सोने के सिक्के खरीदे गए थे, जिन्हें मोहन गार्डन स्थित एक पते पर मंगाया गया था। इसी कड़ी को आधार बनाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।


फर्जी सिम से चलता था पूरा नेटवर्क

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। विक्की मेहता फर्जी सिम कार्ड की व्यवस्था कर उन्हें करीब एक हजार रुपये प्रति सिम के हिसाब से बेचता था। वहीं चित्रसेन त्रिपाठी ने ठगी की रकम से खरीदे गए सोने के सिक्कों की डिलीवरी अपने घर पर ली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक गिरोह का एक अन्य सदस्य खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल करता था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *