नाबालिग से गैंगरेप के आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, एक गिरफ्तार

top-news
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस CCTV और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नाबालिग और उसके 17 वर्षीय दोस्त को धमकाया था। मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है।


मंदिर में दर्शन के बाद पार्क पहुंचे थे दोनों

पुलिस के अनुसार नाबालिग सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में चले गए। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि उन्होंने दोनों को धमकाया और नाबालिग को उसके दोस्त से अलग कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।


पुलिस ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो हुई फायरिंग

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाईं। जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के दक्षिण-पूर्व दिल्ली में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक उसे रोकने की कोशिश के दौरान आरोपी ने फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से एक बाइक और पिस्टल बरामद करने की बात कही है। घटना के बाद क्राइम टीम और FSL टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई गई।


CCTV फुटेज और फोरेंसिक सबूत जुटा रही पुलिस

पुलिस ने घटना के बाद आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की है। साथ ही घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और नाबालिग की मेडिकल जांच कराई गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं, फरार दो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच में पुलिस नाबालिग के बयान, CCTV फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों को भी शामिल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *