गाजियाबाद में मुठभेड़, बस पर फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक को पुलिस ने किया लंगड़ा
- Shiv Kumar
- 02 Oct, 2026
गाजियाबाद: दिल्ली-बदायूं रूट की यात्री बस पर फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर को भूड़गढ़ी बंबा पटरी पर चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया था। आरोपियों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनस के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दूसरे आरोपी नदीम को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
28 सितंबर को बस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 28 सितंबर 2026 को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हाईटेक स्कूल के सामने यात्री बस पर फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात बताई है। इस मामले में थाना मसूरी में मुकदमा दर्ज किया गया था और दोनों आरोपी वांछित बताए जा रहे थे। पुलिस अब इस घटना में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दो अवैध हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है। पुलिस ने सफेद रंग की स्कूटी भी बरामद की है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस पुत्र चांद, निवासी जगजीत नगर, दिल्ली, उम्र 26 वर्ष और नदीम पुत्र अनीश, निवासी न्यू मुस्तफाबाद, दिल्ली, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ थाना मसूरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। कार्रवाई के संबंध में एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने जानकारी दी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






