जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बढ़ी, सौरभ भारद्वाज हिरासत में, 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

top-news
चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई गई। सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया और 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद किया गया।

चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जंतर-मंतर पहुंचे दिल्ली आम आदमी पार्टी अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और नई दिल्ली जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू की गई है। वहीं, कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं।


उन्हें शर्म आनी चाहिए: सांसद मनोज झा

जंतर-मंतर पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "उन्हें शर्म आनी चाहिए। क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की जरूरत होती है? आखिरकार, यह गांधी का देश है। आज गांधी जयंती है।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा, "बिल्कुल!" मनोज झा ने कहा, "पुलिस स्टेट बनाने के बावजूद, ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह अपने गुनाह को छिपा नहीं पाएंगे।"


बैरिकेडिंग से घिरा हुआ जंतर-मंतर

जंतर-मंतर को बैरिकेडिंग से घेर दिया गया है। हालांकि, आम लोगों के लिए आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं की गई है। संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने केंद्रीय दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। प्रशासन ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में यातायात संबंधी पाबंदियां लगाई गई हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के बीच कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार भी बंद किए गए हैं।


इंटरनेट सेवा बंद, भारी सुरक्षाबल तैनात

जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवा बंद की गई है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जंतर-मंतर, संसद मार्ग और इलेक्शन कमीशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। चुनाव आयोग के खिलाफ संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। निजामुद्दीन इलाके के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाए हैं।


सौरभ भारद्वाज बोले- नेताओं के घर के बाहर भारी पुलिस बल

हिरासत में लिए जाने से पहले सौरभ भारद्वाज ने कहा, "मैं यहां पर अकेला आया हूं। इस समय मेरे घर के बाहर करीब 30-40 पुलिसकर्मी तैनात हैं। हमारे तमाम नेताओं के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है।" उन्होंने युवाओं से कहा कि जब वह बिना किसी वाहन के पुलिस के बीच जंतर-मंतर से मेट्रो के जरिए पहुंच सकते हैं तो वे भी आ सकते हैं। उन्होंने कहा, "तमाम युवाओं से मैं कहना चाहता हूं कि जब मैं पहुंच सकता हूं तो आप भी पहुंच सकते हैं। आइए, शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कहिए।"


जगह-जगह बैरिकेड, धारा 163 लागू

दिल्ली पुलिस के मुताबिक नई दिल्ली जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने घोषणा की है कि अगली सूचना तक कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बंद रहेगी। जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली और रामकृष्ण आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रहेगी।


दिल्ली में 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

आम आदमी पार्टी और छात्र संगठनों के विरोध-प्रदर्शन की घोषणा के बाद दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और जंतर-मंतर समेत 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया है। चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जंतर-मंतर पहुंचे दिल्ली आम आदमी पार्टी अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *