ऑपरेशन कवच-15.0 में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 256 नशा तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद

top-news
दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच-15.0 के तहत 1708 स्थानों पर कार्रवाई कर NDPS एक्ट के 214 मामलों में 256 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बड़ी मात्रा में गांजा, हेरोइन, कोकीन, MDMA, चरस और अन्य नशीले पदार्थों के साथ करीब 23 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ ऑपरेशन कवच-15.0 के तहत बड़ी कार्रवाई की है। 24 सितंबर की शाम से 1 अक्टूबर तक चले अभियान में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 1708 स्थानों पर छापेमारी और चेकिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, NDPS एक्ट के 214 मामलों में 256 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग तरह के नशीले पदार्थों के साथ करीब 23 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई। पुलिस ने NDPS मामलों में वांछित और फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।


111 किलो से ज्यादा गांजा और हेरोइन समेत कई तरह के ड्रग्स बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 111.748 किलो गांजा, 3.959 किलो स्मैक/हेरोइन, 107.43 ग्राम कोकीन, 684.22 ग्राम MDMA और 1.057 किलो चरस बरामद हुई। इसके अलावा एम्फेटामाइन, अल्प्राजोलम, बुप्रेनॉर्फिन, ट्रामाडोल, मॉर्फिन और अन्य नशीली दवाएं भी मिलीं। अभियान के दौरान NDPS मामलों में वांछित और फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 15 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार या पकड़ा, जबकि सात वांछित अथवा फरार आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 140 बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई और नशीली गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


बुराड़ी में फरार आरोपी गिरफ्तार, बाथरूम से 140 ग्राम हेरोइन बरामद

क्राइम ब्रांच की टीम ने 25 सितंबर को बुराड़ी इलाके से फरार आरोपी चिराग को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 37,400 रुपये नकद मिले और उसके ठिकाने के बाथरूम से 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल 2.25 किलो हेरोइन बरामद हुई है। वहीं, क्राइम ब्रांच ने चंदर विहार, निलोठी इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 417 ग्राम MDMA और 105 ग्राम कोकीन बरामद हुई। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 61 ग्राम MDMA मिली।


द्वारका में 2.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद होने का दावा

द्वारका में एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 21 वर्षीय हार्दिक जैन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसके घर और कार की तलाशी में 117.07 ग्राम MDMA, 97.19 ग्राम एम्फेटामाइन, 2.43 ग्राम कोकीन, LSD की 25 ब्लॉटर स्ट्रिप्स और THC वाले उत्पाद बरामद हुए। इसके अलावा 19.01 लाख रुपये नकद, एक कार, स्कूटी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और कैश काउंटिंग मशीन भी मिली। पूछताछ के बाद दो अफ्रीकी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये है।


रोहिणी में 801 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये बरामद

रोहिणी जिले के स्पेशल स्टाफ ने सेक्टर-32, बेगमपुर में एक आरोपी को 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने सोनीपत में उसके कथित सप्लायर अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस तरह पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल 801 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद हुए। दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन कवच का उद्देश्य केवल छोटे पेडलरों को पकड़ना नहीं, बल्कि ड्रग्स की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ना है। पुलिस टीमें ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, ट्रांसपोर्टर, डिस्ट्रीब्यूटर और पैसों के लेन-देन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। संदिग्ध बैंक खातों, सिम कार्ड, डिजिटल डिवाइस और ड्रग्स से जुड़े पैसों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *