Breaking News

श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' को लेकर निर्देशक का खुलासा, आठ किलो के घुंघरू पहनने से पैरों में आई थी सूजन

top-news
श्रद्धा कपूर ने फिल्म 'ईठा' के गाने 'जी जी रे जी' के लिए आठ किलो के घुंघरू पहनकर 25 दिनों तक रिहर्सल की थी। शूटिंग के दौरान उनके पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने इससे जुड़ा एक किस्सा साझा किया।

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी बायोपिक फिल्म 'ईठा' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म का गाना 'जी जी रे जी' रिलीज किया गया, जिसमें श्रद्धा कपूर का पारंपरिक मराठी अंदाज और लावणी नृत्य दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। हालांकि, इस गाने की शूटिंग करना अभिनेत्री के लिए आसान नहीं था। फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने पुणे में आयोजित एक प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान गाने की शूटिंग से जुड़े कई किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि श्रद्धा ने इस गाने के लिए करीब 25 दिनों तक आठ किलो के घुंघरू बांधकर रिहर्सल की थी। लगातार अभ्यास के कारण उनके पैरों में सूजन आ गई थी। शूटिंग के दौरान उनकी मांसपेशियों में चोट लगने के कारण काम भी रोकना पड़ा था। हालांकि, करीब एक महीने बाद श्रद्धा ने ठीक होकर सेट पर वापसी की और गाने की शूटिंग पूरी की।


25 दिनों तक श्रद्धा ने की रिहर्सल

निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' को मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया है। इसकी शूटिंग के लिए मुंबई के मड आइलैंड में एक बड़ा सेट तैयार किया गया था। गाने में लावणी नृत्य को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए श्रद्धा कपूर ने काफी मेहनत की। वह करीब 25 दिनों तक रोजाना आठ किलो के घुंघरू बांधकर नृत्य का अभ्यास करती थीं। लगातार रिहर्सल के कारण उनके पैरों में सूजन आ गई थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारियां जारी रखीं। शूटिंग के दौरान उनके पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई, जिसके चलते गाने की शूटिंग बीच में ही रोकनी पड़ी।


चोट लगने के बाद सेट पर रोईं श्रद्धा

लक्ष्मण उतेकर के मुताबिक, गाने की शूटिंग का पहला दिन काफी अच्छा रहा था, लेकिन दूसरे दिन श्रद्धा कपूर के पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई। इस वजह से वह शूटिंग जारी नहीं रख सकीं और सेट पर ही रोने लगीं। निर्देशक ने बताया कि उन्हें शूटिंग रुकने से ज्यादा दुख श्रद्धा को रोते हुए देखकर हुआ था। अभिनेत्री इस गाने को लेकर काफी उत्साहित थीं और उन्होंने इसकी तैयारी में बहुत मेहनत की थी। हालांकि, चोट के बावजूद श्रद्धा ने हार नहीं मानी। करीब एक महीने बाद स्वस्थ होकर उन्होंने सेट पर वापसी की। लक्ष्मण उतेकर ने उनकी मेहनत और अभिनय की तारीफ करते हुए कहा कि शायद ही कोई दूसरी अभिनेत्री इस किरदार को इतनी अच्छी तरह निभा पाती।


विठाबाई के जीवन पर आधारित है फिल्म

फिल्म 'ईठा' महाराष्ट्र की प्रसिद्ध पारंपरिक तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित एक बायोग्राफिकल ड्रामा है। विठाबाई ने अपने जीवन में कई सामाजिक बंदिशों और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए कला की दुनिया में अलग पहचान बनाई थी। फिल्म में उनके संघर्ष और कलाकार के रूप में उनके सफर को पर्दे पर दिखाया जाएगा। इसकी कहानी मराठी पुस्तक 'तमाशा: विठाबाईच्या आयुष्याचा' से भी प्रेरित है। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर का कहना है कि इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को तमाशा कलाकारों के जीवन का एक अलग पहलू देखने को मिलेगा। फिल्म में श्रद्धा कपूर के अलावा रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव, मोहम्मद जीशान अय्यूब, इश्तियाक खान और अनंत जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म चार दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *