हसबैंड रणवीर के साथ रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म करना चाहती हैं दीपिका, फैंस मीट में जाहिर की इच्छा

top-news
मुंबई में फैन मीट के दौरान दीपिका पादुकोण ने रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों में वापसी के संकेत दिए। फैंस ने पोल में रणवीर सिंह को सबसे ज्यादा समर्थन दिया। दीपिका ने थिएटर रिलीज को प्राथमिकता बताया और अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर भी बात की।

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने हाल ही में मुंबई में अपने फैंस के लिए एक खास फैन मीट सेशन आयोजित किया। इस सेशन में देशभर से चुने गए करीब 50 फैंस शामिल हुए, जहां दीपिका ने न सिर्फ उनसे मुलाकात की बल्कि उनके सवालों के बेझिझक जवाब भी दिए। बातचीत के दौरान रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों को लेकर दीपिका का बयान खासा चर्चा में रहा। फैंस ने जब उनसे पूछा कि वह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में कब नजर आएंगी, तो दीपिका ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि बहुत जल्द ऐसा होगा। उन्होंने कहा कि रोमांटिक कॉमेडी उनका पसंदीदा जॉनर है, न सिर्फ एक एक्ट्रेस के तौर पर बल्कि एक ऑडियंस के रूप में भी। दीपिका ने माना कि मौजूदा दौर में दर्शक कुछ अलग देखना चाहते हैं, लेकिन अगर बड़ी संख्या में लोग रोमांटिक कॉमेडी देखना चाहते हैं तो मेकर्स को भी इस दिशा में सोचना चाहिए।


फैंस ने किया पोल, रणवीर को मिला सबसे ज्यादा सपोर्ट
सेशन के दौरान माहौल तब और दिलचस्प हो गया जब एक फैन ने ऋतिक रोशन का नाम लिया। इसके बाद होस्ट ने वहीं मौजूद फैंस के बीच एक पोल कराया कि रोमांटिक कॉमेडी में दीपिका को किस एक्टर के साथ देखना चाहेंगे—शाहरुख खान, ऋतिक रोशन या रणवीर सिंह। शाहरुख और ऋतिक के नाम पर जोरदार तालियां बजीं, लेकिन सबसे ज्यादा समर्थन रणवीर सिंह के नाम को मिला। इस पर दीपिका भी मुस्कुराती नजर आईं। बातचीत में दीपिका ने स्वीकार किया कि वह शाहरुख खान, रणवीर सिंह या रणबीर कपूर जैसे एक्टर्स के साथ रोमांटिक कॉमेडी करने को लेकर पूरी तरह ओपन हैं, बशर्ते कहानी मजबूत हो। उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम लगातार ड्रामा, लव स्टोरी और रोमांटिक कॉमेडी जैसी स्क्रिप्ट्स की तलाश में रहते हैं, लेकिन इस तरह का कंटेंट लिखने वाले मेकर्स फिलहाल कम नजर आते हैं।


थिएटर या ओटीटी? फैंस ने दिया साफ जवाब
दीपिका ने फैंस से यह भी पूछा कि वे रोमांटिक कॉमेडी फिल्म को ओटीटी पर देखना पसंद करेंगे या थिएटर में। ज्यादातर फैंस ने थिएटर को चुना। जब दीपिका ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि अगर वह ओटीटी पर काम करें तो क्या फैंस नाराज होंगे, तो एक फैन ने कहा—‘आप बड़े पर्दे के लिए ही बनी हैं।’ वहीं दूसरे फैन ने हंसते हुए कहा—‘जब तक आपका किरदार नहीं मरता, तब तक सब ठीक है।’ इस पर दीपिका ने भी हंसते हुए कहा कि उनकी मां भी अक्सर यही बात कहती हैं।


वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं दीपिका
गौरतलब है कि दीपिका की कई फिल्मों में उनके किरदार की मौत हो चुकी है, जिनमें ओम शांति ओम, रामलीला, पद्मावत और जवान शामिल हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका जल्द ही शाहरुख खान की फिल्म किंग में नजर आएंगी। इसके अलावा वह अल्लू अर्जुन के साथ एटली की फिल्म AA22xA6 में भी काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *